विद्यापतिनगर : थाना क्षेत्र के सिमरी पंचायत स्थित आंगनबााड़ी केंद्र संख्या चौबीस की सेविका से उस वार्ड के वार्ड सदस्य ने एक हजार प्रति माह रंगदारी की मांग की है़ नहीं देने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी है़ सेविका ने इसकी शिकायत मंत्री व जिला पदाधिकारी से की है़ शिकायत की प्रति बीडीओ को दी गयी है़ इसमें सेविका मीना कुमारी ने बताया है कि सिमरी वार्ड दस के वार्ड सदस्य अवधेश राय आंगनबाड़ी केंद्र पहुंच रोज व रोज एक हजार रुपये मासिक की मांग कर तंग कर रहे हैं.
इससे कार्य में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं. नहीं देने पर परिणाम भुगतने की धमकी देते हैं. आवेदन में सेविका ने बताया है कि पूर्व में वर्तमान वार्ड सदस्य की पत्नी वार्ड सदस्या थी़ दिसंबर 14 से ही उनके पति अवधेश राय रुपये की मांग करते आये हैं. अब वह स्वयं वार्ड सदस्य है, तो धमकी देने लगे हैं. बीडीओ मो नजीब अनवर ने जांचोंपरांत कार्रवाई का भराेसा दिलाया है़
