समस्तीपुर : मुफस्सिल थाने के आधारपुर पंचायत के मुखिया छन्नू भगत के भतीजे सिंटू की सोमवार देर शाम गोली मार कर हत्या कर दी गयी. स्थानीय लोग व परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर आये, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
वहीं, हत्या के आरोपित मृतक के दोस्त को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गयी है. इधर, घटना से गुस्साये लोगों ने आरोपित युवक की दुकान में जम कर तोड़फोड़ की. साथ ही दुकान से सामान को निकाल कर सड़क पर रख आग के हवाले कर दिया.
घटना को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है.
वहीं, आक्रोशित लोगों ने ताजपुर समस्तीपुर पथ को भी घटनास्थल के समीप जाम कर आवागमन को बाधित कर दिया है.
लोगों का आरोप है कि किराना दुकानदार चंदन व सिंटू गहरे मित्र थे. दुकान से साबुन लाने के दौरान चंदन ने सिंटू की गोली मार कर हत्या की है. हालांकि, चंदन का कहना है कि वह दुकान पर था. इसी क्रम में गाड़ी पर सवार अपराधी आये और सिंटू को गोली मार कर फरार हो गये.
