समस्तीपुर : हाजीपुर जोन के सीसीएम पीएस संजीव कुमार शर्मा ने बुधवार को स्थानीय जंकशन का निरीक्षण किया. इस क्रम में जंकशन पर काउंटरों की संख्या कम होने पर गहरी नाराजगी जतायी. सीएस मणिकचंद को सभी काउंटरों को समय से
खोलने और चौबीस घंटे अपडेट रखने का निर्देश दिया.
पीएस ने कर्मियों की संख्या कम होने के कारण इसे रोटेशन के आधार पर चलाये जाने की जानकारी दी. इस पर सीसीएम श्री शर्मा ने कहा कि कर्मियों की कमी रेल प्रशासन की परेशानी है. इसके कारण यात्री सुविधाओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है. पीआरएस काउंटर पर पहुंच कर उन्होंने काउंटरों की संख्या अविलंब बढ़ाने का निर्देश सीआरएस एसके झा को दिया. पार्सल के अलावा अपूर्वा और जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर भी नजर डाली.
टैक्सी स्टैंड की ओर से वाहन के चालकों ने कोटेशन में गड़बड़ी होने की शिकायत की तो एसीएम यूएस जायसवाल को अविलंब रिपोर्ट देने का निर्देश दिया. इसके बाद सीसीएम ने डीआरएम कार्यालय पहुंच कर रेल पदाधिकारियों के साथ बैठक की. इसमें डीसीआई के अलावा डीसीएम वीरेंद्र मोहन सहित वाणिज्य विभाग के अन्य पदाधिकारी शामिल थे.
जिन्हें यात्री सुविधा को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिये. इसमें खास कर पानी, बिजली, शौचालय आदि प्रमुख रहे. साथ ही बुकिंग काउंटर के अंदर महिला कर्मियों के लिए शौचालय की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया. इधर, स्टेशन पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया. इसमें जंक्शन से गुजरने वाली मेल, एक्सप्रेस व सवारी गाड़ियों को खंगाला गया. जिसमें कई लोगों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा गया. जिसे जुर्माना लेकर छोड़ा गया.
मौके पर एसएस सतीश चंद्र श्रीवास्तव, उमेश चंद्र वर्मा आदि थे. बताते चले कि सफाई अभियान की जांच को लेकर मंडल के विभिन्न स्टेशनों के साथ समस्तीपुर जंक्शन की भी जांच सीएमडी ने की. इस क्रम में पे एंड यूज शौचालय में टूटे टाइल्स व गंदगी देख संवेदक की कड़ी क्लास ली. एसएस सतीश चंद्र श्रीवास्तव को इसकी जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया.
