गार्ड को बंधक बना एटीएम से छह लाख रुपये की लूट

सरायरंजन बाजार में हुई घटना सरायरंजन (समस्तीपुर) : स्थानीय कीर्तिराम मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम को क्षतिग्रस्त कर अपराधियों ने करीब छह लाख रुपये लूट लिये. घटना बुधवार देर रात की है. इस दौरान अपराधियों ने एटीएम पर तैनात गार्ड को बंधक बना लिया. घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह एक राहगीर […]

सरायरंजन बाजार में हुई घटना

सरायरंजन (समस्तीपुर) : स्थानीय कीर्तिराम मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम को क्षतिग्रस्त कर अपराधियों ने करीब छह लाख रुपये लूट लिये. घटना बुधवार देर रात की है. इस दौरान अपराधियों ने एटीएम पर तैनात गार्ड को बंधक बना लिया. घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह एक राहगीर सेंट्रल बैंक से सटे चौराहे से गुजरा.

उसकी नजर सड़क किनारे बंधक बने गार्ड रामसेवक झा पर पड़ी. उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके हाथ-पैर को रस्सी से खोल कर इलाज के लिए पीएचसी में दाखिल कराया.

इलाज के क्रम में गार्ड ने पुलिस को बताया कि बुधवार की रात करीब दो बजे चौक के निकट वह ड्यूटी पर मुस्तैद था. इसी बीच आधा दर्जन की संख्या में अपराधी उसके पास पहुंचे. उसका मुंह बंद कर मारपीट करते हुए उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध कर एक ओर लुढ़का दिया. इसके बाद सभी बैंक की ओर निकल गये. कुछ ही देर बाद सेंट्रल बैंक की ओर खटपट की आवाज सुनायी देने लगी. सुबह एक राहगीर के रास्ते से गुजरते समय घटना की जानकारी दी. उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी.

इसके बाद पुलिस कीर्ति मार्केट पहुंची. मार्केट के सामने का ग्रिल सुरक्षित मिला. जब पुलिस पहुंची तो गेट का ताला टूटा हुआ था. इसी रास्ते से पुलिस पहले माले पर स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा तक पहुंची. बैंक के ताले सुरक्षित पाकर पुलिस नीचे उतर ही रही थी कि उसकी नजर नीचे एटीएम केबिन पर पड़ी. एटीएम क्षतिग्रस्त था. सामान बिखरे पड़े थे. उसमें रखे रुपये भी गायब थे. इसके बाद पुलिस ने इसकी सूचना शाखा प्रबंधक आरके रजक को दी. मौके पर पहुंचे शाखा प्रबंधक ने पुलिस को बताया कि एटीएम में करीब नौ लाख 99 हजार रुपये थे. हालांकि कैश लोडर कृष्ण कांत झा 7.38 लाख रुपये होने की जानकारी दे रहे हैं.

एटीएम को किया सील

पुलिस ने एटीएम का टूटा ताला बरामद कर उसे सील कर दिया है. शाखा प्रबंधक ने बताया कि दरभंगा व पटना से एटीएम की जांच के लिए सूचना दी गयी है. दोपहर करीब दो बजे एसपी सुरेश प्रसाद चौधरी, मुफस्सिल इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने घटनास्थल की जांच कर पुलिस अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >