समस्तीपुर : जिले के 25 पैक्सों में 26499 मतदाता शुक्रवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इसके लिये सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. इस बार चुनाव के लिये 53 बूथ बनाये गये हैं. इस बाबत जानकारी देते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी नयन प्रकाश ने बताया कि सुबह सात बजे से मतदान शुरू किया जायेगा जो कि संध्या तीन बजे तक चलेगा. मतदाताओं की किसी भी समस्या के समाधान के लिये हेल्पलाइन गठित किया गया है.
निष्पक्ष मतदान के लिये सभी प्रखंडों के लिये पर्यवेक्षक की तैनाती की गयी है. किसी भी तरह की घटनाओं के लिये कंट्रोल रूम भी बनाया गया है. प्रत्येक मतदाता को पांच मतपत्र दिये जायेंगे. मतदान के बाद सभी मतपेटियों को सील बंद कर दिया जायेगा. बताते चलें कि सबसे अधिक पूसा में 6675 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. पूसा के अनुसार बीडीओ अश्विनी कुमार ने बताया कि प्रखंड में चुनाव को लेकर सभी समाग्रियां उपलब्ध करा दी गयी है.
पैक्स चुनाव पर पैनी निगाह रखने के लिये जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है. जिला सहकारिता पदाघिकारी नयन प्रकाश को इसके लिये अधिकृत किया गया है. प्रशासन ने इसके लिये दूरभाष संख्या 06274-225316 जारी किया है . इस पर किसी तरह की समस्या होने पर मतदाता जानकारी दे सकते हैं. इसके अलावा सभी दस प्रखंडों के लिये 13 सेक्टर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की भी तैनाती की गयी है.
