समस्तीपुर : स्थानीय संत कबीर महाविद्यालय की गुटबाजी बुधवार को फिर से सामने आयी. एक गुट से जुड़े कुछ व्याख्याताओं और कर्मियों ने कॉलेज के वर्ग कक्ष से लेकर कार्यालय तक में ताला जड़ दिया. जिसके कारण कॉलेज का काम काज ठप हो गया.
इसकी सूचना प्रभारी प्राचार्य ने डीएम को दी तो एसडीओ सुधीर कुमार के आदेश पर पहुंची मुफस्सिल थाने की पुलिस ने ताला खुलवाया. इसके बाद गतिरोध समाप्त हुआ.
जानकारी के अनुसार अन्य दिनों की भांति ही जब कुछ कॉलेज कर्मी कॉलेज पर पहुंचे तो कॉलेज के कार्यालय और वर्ग कक्ष में अलग से ताला लगा पाया. जिसके कारण सभी बाहर विचार विमर्श के बाद इसकी सूचना विधिवत जिलाधिकारी को दी. इस बावत डीएम को दिये आवेदन में प्रभारी प्राचार्य ब्रहृमदेव यादव ने दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को नामजद करते हुए तालाबंदी का आरोप लगाया. साथ ही परिस्थितियों से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की.
इसके बाद पहुंची मुफस्सिल थाना की पुलिस ने ताला तोड़ कर तत्काल गतिरोध समाप्त कराया. इधर, दूसरे गुट की ओर से बताया गया है कि कॉलेज के वरीय शिक्षक ही प्रभारी प्राचार्य होगे. इसके साथ ही अन्य मांगों को लेकर कॉलेज में तालाबंदी कर धरना दिया गया है.
अध्यक्षता विनोद कुमार ने की. संचालन अवधेश कुमार ने किया. धरना को राधेश्याम महतो, सुरेश प्रसाद यादव, सुबोध कुमार, राम लौलिन, ओम प्रकाश यादव, संत लाल, रामजपित राय, त्रिभुवन राय आदि ने संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय के अंदर गत 28 अगस्त 14 को गलत तरीके से शासी निकाय की बैठक कर कालेज के विकास कार्य को पीछे धकेला जा रहा है. कॉलेज शिक्षक व कर्मचारियों का अनुदान राशि प्राप्त है.
कुछ लोगों के द्वारा इस राशि को कर्मचारियों और शिक्षकों के बीच वितरण नहीं होने देने का प्रयास किया जा रहा है. ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी कॉलेज में तालाबंदी की गयी थी. जिसके बाद प्रशासनिक हस्तक्षेप पर ही ताला तोड़ा गया था.
