तिरुपति, रामेश्वरम व त्रिवेंद्रम की भी सैर करायेगी यात्रियों को
सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर व मुजफ्फरपुर होकर होगी रवाना
समस्तीपुर : आइआरसीटीसी ने सहरसा के बाद एक बार फिर उत्तर बिहार के यात्रियों को देश के महत्वपूर्ण तीर्थों के दर्शन के लिये भारत दर्शन स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. इस बार यात्रियों को जगरनाथ पुरी, मदुरै के माता मिनाक्षी मंदिर का दर्शन आइआरसीटीसी की ओर से कराया जायेगा. इस ट्रेन की शुरुआत रक्सौल से की जायेगी. इसके अलावा इस टूर पैकेज में यात्रियों को तिरुपति, रामेश्वरम, कन्याकुमारी व त्रिवेंद्रम के मंदिरों के साथ ही दर्शनिय स्थलों का भी दर्शन कराया जायेगा.
भारत दर्शन स्पेशल ट्रेन की अगामी 18 नवंबर को रक्सौल से रवाना की जायेगी, जिसके बाद सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पटना व आसनसोल में यात्री इस ट्रेन में बोर्डिंग कर सकते हैं. जहां इस ट्रेन का ठहराव दिया गया है. रक्सौल से यह ट्रेन सुबह में आठ बजे रवाना होगी जो सीतामढ़ी दिन के 9.55 बजे पहुंचेगी. यहां से यह 10.05 में रवाना होगी.
दरभंगा यह ट्रेन 11.30 बजे पहुंचेगी जहां से इसे 11.40 बजे रवाना किया जायेगा. समस्तीपुर में यह 12.40 बजे आयेगी व 13.10 बजे जायेगी. मुजफ्फरपुर में ट्रेन का आगमन 14.20 व प्रस्थान 14.30 बजे है. हाजीपुर यह 16 बजे आयेगी व 16.05 बजे रवाना होगी. पटना से 17.10 बजे खुलने के बाद यह आसनसोल में रात के 2 बजे रवाना होगी. 20 नवंबर को तिरुपति, 23 नवंबर को रामेश्वरम, 24 नवंबर को मदुरई, 25 नवंबर को कन्याकुमारी, 26 नवंबर को त्रिवेंद्रम व 28 नवंबर को यह ट्रेन जगरनाथ पूरी पहुंचेगी.
वापसी में यह ट्रेन 1 दिसंबर को समस्तीपुर आयेगी. आइआरसीटीसी के स्थानीय प्रबंधक प्रमोद कुमार ने बताया कि ट्रेन का कोड इजेडबीडी 40 दिया गया है. 14 दिन के टूर पैकेज के लिये यात्रियों को 12 हजार 999 रुपये का रेल किराया लगेगा. इसमें स्लीपर क्लास में सफर, धर्मशाला में रहना, ब्रेकफास्ट, लंचन व डीनर के अलावा यात्रियों को रहने सहने, परिवहन, चिकित्सा आदि की सुविधाएं दी जायेगी.
