विभूतिपुर थाना क्षेत्र के चार लोगों की हथौड़े से मारकर की जा चुकी है हत्या
घटना की सीसीटीवी फुटेज मिलने पर पुलिस ने जगदीश शर्मा को पकड़ कर भेजा था जेल
समस्तीपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया में बुधवार की रात एक बार फिर हथौड़ाबाज हमलावर के सामने आने से सस्पेंस गहरा गया है़ लोगों के जेहन में अब यह प्रश्न कौंधने लगा है कि असली हथौड़ाबाज हमलावर कौन है? जेल में बंद सिंघिया गांव का जगदीश शर्मा या बुधवार को घटनास्थल पर भीड़ के द्वारा मारा गया सुरौली गांव का अयोधी उर्फ अयोध्या महतो, क्योंकि 25 मई को इसी तरह के दोहरे हत्याकांड में सामने आयी घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सिंघिया गांव के जगदीश शर्मा को गिरफ्तार किया था.
पुलिस ने एक गैराज से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उस वक्त जगदीश शर्मा को सीरियल किलर घोषित कर दिया था. लेकिन घटना के दस दिन बाद ही बुधवार की रात उसी सीरियल कीलर के स्टाइल में साइकिल से हथौड़ा लेकर हमला करने डुमरिया गांव में पहुंचे सुरौली के अयोधी महतो को लोगों ने रंगेहाथ दबोच लिया. हालांकि भीड़ ने गुस्से में उसकी घटनास्थल पर ही पीट-पीट कर हत्या कर दी़ घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में एक बार फिर से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.
