विद्यापतिनगर : ग्रामीणों की मानें, तो प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय गढ़सिसइ में विभागीय आदेश की अनदेखी कर एचएम अपनी मर्जी का विद्यालय चलाया करते हैं. व्यवस्था को लेकर चुटकुले अंदाज में नाराज अभिभावक बताते हैं कि विद्यालय के बच्चों को अमावस्या व पूर्णिमा को ही एमडीएम का स्वाद चखाया जाता है. बीइओ कुमारी माला राय कहती हैं कि लगातार शिकायत मिल रही हैं. जल्द बदले जाएंगे एचएम. बताते चलें कि जिस शुक्रवार का बेसब्री से बच्चे इन्तजार करते हैं
वह स्कूल में बिना एमडीएम आकर चला जाता है. फिर पौष्टिक आहार अंडे से वंचित रह जाते बच्चे. शुक्रवार को इस विद्यालय के रसोईघर में अंधेरा पसरा था. सभी बर्तन एक कोने में जमा थे. चूल्हे उदास. रसोइया नहीं थी. एचएम नदारद. ऐसे में विद्यालयी अव्यवस्था की पोल के सार्वजनिक होने के खतरों की परवाह नहीं करने वाले एचएम गौतम कुमार की कारगुजारी भी चर्चा में रही है. शुक्रवार को बिना आवेदन एचएम गौतम कुमार विद्यालय से गायब थे. बिना बच्चे विद्यालय के आंगन में धूप का सेवन कर रही दो शिक्षिकाएं रीना कुमारी व अभिलाषा कुमारी ने बताया कि शुक्रवार को 11 बच्चे आये थे.
जलावन उपलब्ध नहीं होने से एमडीएम नहीं बना. शिक्षिका ने बताया कि एचएम इ विद्यालय के एक शिक्षक से उनके अवकाश पर होने के आवेदन लिख दिए जाने को कहा था. 18 जनवरी को अवकाश पर होने का आवेदन शिक्षक श्रवण कुमार ने एक चिरकुटनुमा आवेदन एचएम के नाम से लिख दिया. अन्य दो शिक्षक हाजिरी बना कर विद्यालय में मौजूद नहीं पाए गए. ग्रामीण आनंद कुमार महतो ने जानकारी दी की इस विद्यालय में अमावस्या, पूर्णिमा को ही एमडीएम पकता है. बीइओ कुमारी माला राय ने बताया कि विद्यालय में गड़बड़ी की जानकारी है. शुक्रवार को एचएम के नहीं रहने एवं एमडीएम नहीं बनाये जाने पर उन्होंने फ़ौरन जांच करने की बात कहते हुए विद्यालय का प्रभार दूसरे को सौंपे जाने के फैसले लिए जाने की जानकारी दी.
