समस्तीपुर : शहर के तिरहुत एकेडमी परिसर स्थित शिक्षा भवन में बने कक्ष को लेकर एक नया विवाद फिर खड़ा हो गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी सत्येंद्र झा के द्वारा आवंटित कक्ष में डीपीओ एमडीएम के द्वारा लगाये गये ताला को काट कर हटा दिया गया है. जिसकी शिकायत डीपीओ एमडीएम अवधेश प्रसाद सिंह ने डीइओ से करते हुए उचित मार्गदर्शन देने का अनुरोध किया है ताकि एमडीएम संभाग का कार्यालय शिक्षा भवन के किस स्थान पर स्थनांतरित किया जाए.
उक्त पदाधिकारी ने डीइओ को दिये गये शिकायत पत्र में कहा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि डीपीओ स्थापना के द्वारा ताला काट कर हटा दिया गया है साथ ही एमडीएम संभाग के लिए आवंटित हाल मेंे अपना सामान एवं आवंटित पदाधिकारी कक्ष में अपना कक्ष भी स्थापित कर लिया गया है. इससे संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए जब एमडीएम संभाग के जिला लेखापाल सहित अन्य कर्मियों को भेजा गया तो डीपीओ स्थापना किसी भी कर्मी से मिलने के लिए तैयार नहीं हुये.
बताते चलें कि विगत 14 नवम्बर 2017 को प्रभारी मंत्री ने शिक्षा भवन का उद्घाटन किया था. इसी दिन देर शाम डीइओ ने तैयार नक्शे के आधार पर सभी संभागों को कक्ष भी आवंटन किया था. लेकिन, डीपीओ स्थापना व डीपीओ एमडीएम के द्वारा आवंटित कक्ष को अपर्याप्त बताते हुए डीएम, आरडीडीई व डीइओ से पुन: कक्ष आवंटन निर्धारित करने का अनुरोध किया था. लेकिन बाद के दिनों में एक के बाद एक कर डीइओ कार्यालय से जुड़े सभी संभाग शिफट करने की प्रक्रिया शुरु कर दिया. इसी बीच ताला काटे जाने के बाद से एक बार फिर शिक्षा भवन सुर्खियों में है. इधर, डीइओ की मानें तो खरमास के बाद डीइओ कार्यालय प्रकोष्ठ शिक्षा भवन में शिफट होने की प्रक्रिया शुरु करेगा.
