समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेझाडीह गांव में भूमि विवाद में युवक को गोली मार दी. घायल अवस्था में परिजनों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया. जहां चिकित्सा के बाद डाॅक्टरों ने उसकी स्थिति सामान्य बताते हुए वापस घर भेज दिया है. घटना शनिवार देर रात की है.
इस संबंध में घायल मो जुम्मन के बयान पर मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें गांव के मो शाहिद को आरोपित किया गया है.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एकमात्र आरोपित को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ में जुटी है. घटना के संबंध में घायल युवक का बताना है कि शाहिद के दादा से दो कट्ठा जमीन केवाला लिया था. इस जमीन पर शाहिद दावा करता है. वह रजिस्ट्री पर भी सवाल उठा रहा है. शनिवार की देर रात जुम्मन अपनी पोल्ट्रीफार्म से वापस घर लौट रहा था.
गांव के ही अताउर्रहमान के बैगन खेत के करीब पहुंचते ही तीन लोग खेत से बाहर निकले और पीछा शुरू कर दिया. पकड़ में आता हुआ देखकर शाहिद ने गोली चला दी. गोली उसके कंधे को छिलती हुई निकल गयी. इससे वह घायल हो गया. इस बीच शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आते हुए देख कर सभी मौके से फरार हो गये. बाद में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. मुफस्सिल थानाध्यक्ष कुमार कीर्ति का बताना है कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने घटना को लेकर अनुसंधान आरंभ कर दिया है. इस मामले में आरोपित किये गये शाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया है. इससे घटना के बाबत पूछताछ की जा रही है.
