समस्तीपुर : जिले में दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ व मुहर्रम को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है. इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी डीएसपी और थानाध्यक्षों को पत्र भेजा है. इसमें इस अवधि के दौरान क्षेत्र पर कड़ी नजर रखने का आदेश दिया गया है. जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने कहा है कि आगामी 10 सितंबर से लेकर 30 अक्तूबर तक अभियान चला कर जिले में वाहनों की सघन जांच करें. ओवरलोड व अवैध पार्किग वाले वाहनों पर भी सख्ती से नकेल कसने को कहा है.
ताकि क्षमता से अधिक यात्रियों को लोड कर सड़कों पर सरपट वाहन दौड़ने के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके. इसके साथ ही पर्व के समय में शहरी क्षेत्र में अधिक लोगों के आवागमन अधिक होने पर छिनतई समेत कई घटनाएं होने की संभावना बनी रहती है. इससे आम नागरिकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
डीएम ने कहा है कि सघन जांच का दैनिक प्रतिवेदन प्रत्येक दिन कार्यालय में जमा कराना सुनिश्चित करने को कहा है. जांच रिपोर्ट में थाना का नाम, जांच स्थल का रुट, वाहनों के प्रकार, ओवर लोड पकड़े गये वाहनों की संख्या और अवैध पार्किग में पकड़े गये वाहनों की अलग-अलग संख्या देने को कहा गया है. इस क्रम में वाहनों से वसूल किये गये जुर्माने की राशि का भी जिक्र करने को कहा गया है.
