रोसड़ा : थाना क्षेत्र से गुजरने वाली बूढ़ी गंडक नदी के धोबी घाट पर रविवार को स्नान करने के दौरान डूबने से एक किशोर की मौत हो गयी. मृतक नंद चौक पुरानी बस स्टैंड निवासी गंगा विशुन साह का पुत्र पप्पू कुमार (12) है. पप्पू को को बचाने के लिए नदी में कूदा शहर के शहर के गुदरी बाजार निवासी स्व राजेंद्र साह का पुत्र मुनमुन साह (24) की तलाश जारी है.
सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल के निकट से पप्पू के शव को बरामद करने में सफलता हासिल की. इस दौरान लोगों की भीड़ नदी के धोबी घाट व रेलवे पुल के पास तटबंध पर डटी रही. सीओ नरेंद्र कुमार व थाने के एएसआइ सत्येंद्र प्रसाद दल बल के साथ मौके पर पहुंच कैंप कर रहे हैं.
बताया गया कि सुबह सात बजे नंद चौक निवासी पप्पू कुमार धोबी घाट के निकट नदी में स्नान कर रहा था. इसी क्रम में वह उफनायी नदी की तेज धारा की चपेट में आकर गहरे पानी में डूबने लगा. किशोर पप्पू को डूबते देख नदी का जल स्तर देखने तटबंध पर खड़ा गुदरी बाजार निवासी युवक मुनमुन साह ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, परंतु वह भी नदी की तेज धारा की चपेट में आकर डूबने लगा.
दोनों को डूबते देख तटबंध पर खड़ा तीसरा युवक ढ़ाव मोहल्ला निवासी सुमन कुमार नदी में कूद गया. तब तक पप्पू कुमार व मुनमुन साह गहरे पानी में डूब चुके थे. बाद में सुमन कुमार भी तेज धारा की चपेट में आकर डूबने लगा. परंतु कुशल तैराक रहने की वजह से वह किसी तरह तैरकर किनारे आ गया.
