समस्तीपुर : शराब कारोबारियों पर नकेल कसने को लेकर रविवार की रात नगर पुलिस कैंप कर रही थी. इसी बीच दरभंगा से शराब की खेप लेकर जाने की सूचना पुलिस को मिली. शराब की खेप की भनक लगते ही अधिकारियों के कान खड़े हो गये. गश्ती कर रहे सभी दलों को अलर्ट किया गया. थानाध्यक्ष एचएन सिंह के नेतृत्व में विजय प्रकाश, शिव ज्योति कुमार व टाइगर मोबाइल मो मिजान अहमद, विंदेश्वर यादव के साथ कैंप कर रहे थे. तभी पटेल मैदान गोलंबर के पास दरभंगा की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो को शक के आधार पर रोका गया.
ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर उसके चालक व उसके दो और साथी को शराब के नशे में धूत होने की पुष्टि हुई. पकड़े गये आरोपितों की निशानदेही पर छापेमारी करते हुए कल्याणपुर थाना क्षेत्र से दो और कारोबारियों को मोबाइल के साथ दबोच लिया. नगर थाने में सोमवार को प्रेस वार्ता करते हुए डीएसपी मो तनवीर अहमद ने बताया कि शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के क्रम में रविवार की रात उजले रंग के स्कॉर्पियो बीआर 33 एम 6057 व उसपर सवार चालक सह मालिक लहेरियराय थाना क्षेत्र के पवनजय कुमार,
विवेक कर्ण व जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया. स्कॉर्पियो से एक बोतल शराब बरामद की गयी. तीनों की निशानदेही पर हुई छापेमारी में कल्याणपुर से राकेश कुमार व राजीव कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सभी को जेल भेज दिया गया है.
