डायरिया से दो लोगों की मौत
विद्यापतिनगर : प्रखंड क्षेत्र में डायरिया से दो लोगों की मौत हो गयी है. वहीं एक किशोर का उपचार पीएचसी में जारी है. मरने वालों में खनुआ वार्ड 14 निवासी मो जेबुल की पुत्री तरन्नुम परवीन (7) व वार्ड 12 निवासी राम सेवक सहनी का पुत्र अनमोल कुमार (3) शामिल हैं, जबकि इस रोग से […]
विद्यापतिनगर : प्रखंड क्षेत्र में डायरिया से दो लोगों की मौत हो गयी है. वहीं एक किशोर का उपचार पीएचसी में जारी है. मरने वालों में खनुआ वार्ड 14 निवासी मो जेबुल की पुत्री तरन्नुम परवीन (7) व वार्ड 12 निवासी राम सेवक सहनी का पुत्र अनमोल कुमार (3) शामिल हैं, जबकि इस रोग से पीड़ित कई लोगों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में कराया जा रहा है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी श्रीराम सिंह ने कहा कि डॉक्टरों का अलग-अलग दल बना कर ग्रसित इलाकों में सक्रियता बरती जा रही है़
आशा व एएनएम की टीम वहां स्थायी रूप से काम कर रही है़ एंबुलेंस को भी उस ओर अग्रसर कर दिया गया है. गांव में तैनात एएनएम ने बताया कि बीस लोग डायरिया की चपेट में आये हैं. डायरिया को लेकर नीम हकीम खतरे जान वाली कहावत भी गांव में देखी जा रही है़
जानकारी के मुताबिक, एक पखवाड़े से डायरिया की बीमारी ने तेजी से फैलते हुए खनुआ गांव में अलग-अलग तीन वार्ड को अपनी चपेट में ले लिया है़ ज्यादातर बच्चे व किशोर इससे ग्रसित हुए हैं. वार्ड चौदह के मो जेबुल की सात साल की बेटी तरन्नुम परवीन की मौत बीते शुक्रवार को हो गयी थी़ वहीं वार्ड बारह के राम सेवक सहनी के तीन वर्षीय पुत्र अनमोल कुमार की मौत पीएचसी से इलाज करा घर लौटने पर गुरुवार को हो गयी. मृतक के दूसरे भाई का इलाज दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल में कराये जाने की जानकारी घर वालों ने दी है़ खनुआ गांव के वार्ड 11 में भी डायरिया ने दस्तक देते हुए कई लोगों को आक्रांत कर दिया है़ साहिट पंचायत के बजरंगबली चौक निवासी सोले पासवान के दो पुत्र साहिल व सोहिल का इलाज पीएचसी में चल रहा है.