समस्तीपुर : जिले के छह प्रखंडों में मतस्यजीवी सहयोग समिति के दूसरे चरण के लिए मंगलवार को 20 हजार से अधिक मतदाता अपना वोट डालेंगे. मतदान सुबह सात से शाम तीन बजे तक किया जायेगा. मतदान के तुरंत बाद प्रखंडों में बनाये गये बूथों में मतगणना शुरू कर दी जायेगी. सबसे अधिक मतदाता बिथान व शिवाजीनगर में हैं. बिथान को दो सेक्टरों में विभाजित किया गया है. इसके लिए सात सेक्टर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गयी है.
मतदान के दौरान 200 मीटर के दायरे में दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है. पीठासीन पदाधिकारी के अलावा किसी भी मतदान कर्मी को मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं दी गयी है. शिवाजीनगर, सिंघिया, बिथान, विभूतिपुर, कल्याणपुर व ताजपुर में मतस्यजीवी सहयोग समिति का चुनाव होगा. इसमें करीब 150 से अधिक उम्मीदवार विभिन्न पदों के लिये खड़े हुये हैं. मतदान में विधि व्यवस्था को बनाये रखने के लिए नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है.
