Saharsa News: सोनवर्षाराज (सहरसा). थाना क्षेत्र की देहद पंचायत अंतर्गत मोहनपुर गांव स्थित सुरसर नदी में स्नान के दौरान डूबे 20 वर्षीय युवक की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही. एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने बुधवार को नदी में व्यापक सर्च अभियान चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका था.
स्नान के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मोहनपुर निवासी रघुनी सादा का 20 वर्षीय पुत्र ललटून सादा मंगलवार की शाम सुरसर नदी में स्नान करने गया था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. नदी किनारे मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी.
ग्रामीणों ने भी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने मंगलवार देर शाम तक अपने स्तर पर युवक की खोजबीन की. काफी प्रयास के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई.
एसडीआरएफ का सघन सर्च अभियान जारी
बुधवार को एसडीआरएफ की टीम ने नदी में घंटों तक सर्च अभियान चलाया. टीम ने संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली, लेकिन देर शाम तक शव बरामद नहीं हो सका. प्रशासन ने बताया कि खोज अभियान लगातार जारी रहेगा.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जमा हो गए. युवक के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है.
पुलिस ने कही यह बात
Saharsa News: थानाध्यक्ष नागमणि कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर लगाया गया है. युवक के शव की बरामदगी के लिए लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है.
