शराब की मुखबिरी के शक में घर में घुसकर महिला व ससुर की जमकर पिटाई

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुर्की गांव में शराब बेचने की मुखबिरी करने के शक में दबंगों द्वारा एक महिला और उसके बुजुर्ग ससुर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है.

अर्धनग्न करने और जेवर छीनने का आरोप

सिमरी बख्तियारपुर. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुर्की गांव में शराब बेचने की मुखबिरी करने के शक में दबंगों द्वारा एक महिला और उसके बुजुर्ग ससुर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है.

क्या है पूरा मामला

पीड़िता गुंजन देवी पति रणवीर यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि घटना 13 जनवरी की शाम करीब साढ़े सात बजे की है. वह अपने आंगन में ससुर लत्तर यादव और बच्चों के साथ खाना बना रही थी. तभी गांव के ही राजा यादव, रूपेश यादव और प्रकाश यादव हथियार लेकर उनके आंगन में घुस आये. आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी. उनका कहना था कि तुम लोग पुलिस को हमारे शराब बेचने की खबर देते हो, आज हम तुम्हें मजा चखाएंगे. विरोध करने पर राजा यादव ने हाथ में लिए रायफल की वट से पीड़िता के ससुर के कनपटी पर वार किया, जिससे वे बेहोश होकर गिर पड़े.

महिला के साथ अभद्रता और लूटपाट

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जब वह अपने ससुर को बचाने गयी तो राजा यादव ने उसका गला पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से पीटा. वहीं दूसरे आरोपी रूपेश यादव ने बाल पकड़कर उसे घसीटा और अर्धनग्न कर दिया. इस दौरान आरोपियों ने उसके कान से सोने की बाली भी नोच ली. शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी भाग निकले. जाते-जाते उन्होंने धमकी दी कि अगर थाना गये तो जान से मार देंगे. घायल ससुर का इलाज सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अस्पताल में कराया गया जहां डॉक्टरों ने देर रात 10 बजे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. पीड़िता ने रात में ही थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि दिए गये आवेदन के आलोक में पुलिस अग्रतर कार्रवाई कर रही है. जल्द आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >