सहरसा. बनमा इटहरी थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 1024 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप बरामद किया है. मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो और दो मोबाइल भी जब्त किए गए हैं. शनिवार को सिमरी बख्तियारपुर डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर ने प्रेसवार्ता कर मामले का उद्भेदन किया. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप लेकर एक स्कॉर्पियो सिमरी बख्तियारपुर की तरफ जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों को जानकारी देकर कार्रवाई की गई. कासीमपुर टोलवा के पास वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रोका गया.तलाशी लेने पर गाड़ी से 8 पीले रंग की बोरी में 1024 पीस कोरेक्स बरामद हुआ. मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरबाजार थाना क्षेत्र के विकास कुमार पिता अरविन्द यादव और सिमरी बख्तियारपुर के राहुल कुमार पिता मनोज यादव के रूप में हुई है.डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि नशे के कारोबारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.पुलिस लगातार अभियान चलाकर ऐसे लोगों पर नकेल कसेगी. उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. कार्रवाई में थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सहनी समेत थाने के अन्य जवान शामिल थे. जब्त स्कॉर्पियो और मोबाइल की भी जांच की जा रही है.
Saharsa. 1024 पीस प्रतिबंधित कोरेक्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
1024 पीस प्रतिबंधित कोरेक्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
