उमस भरी गर्मी में लगातार हो रही बिजली की कटौती से उपभोक्ता आक्रोशित
प्रखंड क्षेत्र में विगत एक माह से लगातार हो रही बिजली की कटौती से उपभोक्ता का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है.
बिजली कटौती में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
सत्तरकटैया. प्रखंड क्षेत्र में विगत एक माह से लगातार हो रही बिजली की कटौती से उपभोक्ता का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है. कई उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग की कार्य शैली पर सवाल खड़ा कर दिया है और आंदोलन की चेतावनी दी है. पिछले एक सप्ताह से प्रचंड धूप व उमस भरी गर्मी हो रही है. इस मौसम में आम जन जीवन की सुरक्षा के लिए निर्बाध रूप से बिजली व पानी की आपूर्ति अति आवश्यक है. लेकिन बिजली विभाग का ध्यान आकृष्ट नहीं हो पा रहा है. उपभोक्ताओं ने बताया कि खोनहा पावर ग्रिड के विशनपुर व भरना फीडर में रात्रि में भी कई बार बिजली काटी जाती है. जिसके कारण चैन की नींद भी हराम हो गयी है. उपभोक्ताओं ने बिजली कटौती में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है. इस मामले में पूछने पर बिजली विभाग के जेई अमित कुमार ने बताया कि सहरसा से ही बिजली की कटौती की जा रही है. जरूरत के हिसाब से बिजली की आपूर्ति नहीं की जा रही है.