पर्व-त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने को तैयार किये जा रहे जवान

मंगलवार को कोसी प्रक्षेत्र के नवपदस्थापित डीआइजी कुमार आशीष ने सहरसा पुलिस केंद्र पहुंचकर प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर एवं प्रशिक्षु सिपाहियों के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया.

प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर व सिपाहियों को दिया गया प्रशिक्षण

डीआइजी ने किया निरीक्षण, दिये दिशा निर्देश

सहरसा. मंगलवार को कोसी प्रक्षेत्र के नवपदस्थापित डीआइजी कुमार आशीष ने सहरसा पुलिस केंद्र पहुंचकर प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर एवं प्रशिक्षु सिपाहियों के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन और व्यावहारिक तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिसकर्मियों को कई अहम दिशा निर्देश दिये. निरीक्षण के क्रम में डीआइजी कुमार आशीष ने प्रशिक्षुओं से संवाद भी किया और उनसे प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारियां ली. उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय के दिशा निर्देश के आलोक में प्रशिक्षु एसआई एवं प्रशिक्षु सिपाहियों को पर्व-त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूरी तरह तैयार किया जा रहा है. इसी क्रम में मंगलवार को एंटी राइट ड्रिल (दंगा नियंत्रण अभ्यास) की विशेष कक्षा ली गयी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.

सरस्वती पूजा के दौरान पंडालों व पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखना प्राथमिकता

डीआइजी ने बताया कि आगामी सरस्वती पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से ब्रीफिंग की गयी है. ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों से क्या-क्या अपेक्षाएं रहती हैं, भीड़ नियंत्रण कैसे करना है, संवेदनशील स्थलों पर किस प्रकार सतर्कता बरतनी है जैसी सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गयी. इसके साथ ही राइट गियर के सही उपयोग, सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग और टीमवर्क के महत्व पर भी जोर दिया गया. उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान पंडालों एवं पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखना प्राथमिकता है. किसी भी स्थिति में अश्लील गानों के प्रयोग की अनुमति नहीं होगी. मेले या भीड़ भाड़ वाले इलाकों में छेड़खानी जैसी घटनाओं पर सख्त नजर रखी जायेगी और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.

सभी जवानों को संयम, सतर्कता और अनुशासन के साथ निभानी होगी ड्यूटी

वहीं प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो. साथ ही डीआइजी ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है और जिले की कानून-व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जायेगी. उन्होंने प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और जनता के प्रति सहयोगात्मक रवैया अपनाने की सीख दी. उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान पुलिस की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है. ऐसे में सभी जवानों को संयम, सतर्कता और अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी निभानी होगी. वहीं निरीक्षण के अंत में डीआइजी ने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण को और अधिक व्यावहारिक व प्रभावी बनाया जाये. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षु पुलिसकर्मी प्रशिक्षण पूर्ण कर मैदान में उतरने के बाद जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाये रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे. वहीं मौके पर पुलिस अधीक्षक हिमांशु सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >