सहरसा : नगर निगम क्षेत्र के तिवारी चौक स्थित कुमार अमरज्योति के मकान में किराये पर रह रहे दिलीप केशरी की दुकान में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. घटना को अंजाम देने से पहले चोरों ने मकान मालिक का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर निकलकर विरोध न कर सके. हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल टीओपी थाना से महज 25 कदम की दूरी पर स्थित है. इसके बावजूद चोर आराम से दुकान में चोरी कर फरार हो गए.
सुबह हुई घटना की जानकारी
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह लोगों को हुई. इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
हजारों रुपये के सामान की चोरी
दुकान संचालक के अनुसार चोर पान मसाला समेत हजारों रुपये मूल्य के अन्य सामान लेकर फरार हो गए. चोरी में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने, चोरों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी है.
