Tilawe River Boat Capsize: सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा). मंगलवार की शाम तिलावे नदी अचानक चीख-पुकार से गूंज उठी. तेज बारिश और हवा के बीच पशुपालकों से भरी एक नाव नदी के बीचोंबीच असंतुलित होकर पलट गयी. नाव पर करीब 15 लोग सवार थे. हादसे के बाद कुछ ही पलों में अफरातफरी मच गयी. ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. लेकिन इस हादसे में एक महिला की जान चली गयी, जबकि 12 साल की एक किशोरी नदी में लापता हो गयी.
घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र की तरियामा पंचायत के तुर्की गांव स्थित नढ़या घाट के पास हुई. नाव पलटने के बाद स्थानीय गोताखोरों ने लापता किशोरी की तलाश शुरू कर दी. एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गयी है. देर रात तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका था.
नाव में सवार होकर लौट रहे थे पशुपालक, तभी बिगड़ा मौसम
ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार को तुर्की गांव और नढ़या टोला के करीब 15 लोग नाव से बहियार की ओर गये थे. बताया जा रहा है कि लोग घास लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे. शाम के समय जब नाव तिलावे नदी के बीच पहुंची, तभी अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गयी.
मौसम बिगड़ते ही नाव असंतुलित होने लगी. इससे पहले कि नाव पर सवार लोग कुछ समझ पाते, नाव नदी में पलट गयी. नाव के पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गयी.
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर सुना तो बड़ी संख्या में लोग नदी की ओर दौड़े. कई ग्रामीणों ने नदी में छलांग लगाकर लोगों को बाहर निकालना शुरू किया. कुछ लोग तैरकर भी नदी के किनारे पहुंच गये.
एक परिवार में मातम, दूसरे में बेटी के लौटने का इंतजार
हादसे में तुर्की गांव निवासी कुंदन यादव की 35 वर्षीय पत्नी रूपम देवी गंभीर रूप से डूब गयीं. परिजन उन्हें आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
वहीं, विष्णुदेव यादव की 12 वर्षीय बेटी नेहा कुमारी नाव पलटने के बाद से लापता है. उसके नदी में डूबने की आशंका जतायी जा रही है. घटना के बाद से नेहा के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है. परिजन नदी की ओर टकटकी लगाये हुए हैं और उसके सकुशल वापस मिलने की उम्मीद कर रहे हैं.
जलकुंभी और अंधेरे ने बढ़ायी परेशानी
घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों ने नदी में किशोरी की तलाश शुरू की. काफी देर तक खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका.
ग्रामीणों का कहना है कि तिलावे नदी में जगह-जगह बड़ी मात्रा में जलकुंभी फैली हुई है. इससे पानी के अंदर तलाश करना मुश्किल हो रहा है. ऊपर से रात का अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान में और परेशानी बढ़ गयी.
एसडीआरएफ की टीम को दी गयी सूचना
नाव पलटने की जानकारी मिलते ही बख्तियारपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों से हादसे की जानकारी ली और लापता किशोरी की तलाश में चल रहे अभियान का जायजा लिया.
अनुमंडल पदाधिकारी आलोक राय ने बताया कि नदी में किशोरी के लापता होने की सूचना मिली है. एसडीआरएफ की टीम को इसकी जानकारी दे दी गयी है. टीम के पहुंचने के बाद नदी में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जाएगा. किशोरी को जल्द बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है.
Tilawe River Boat Capsize: हर बारिश में बढ़ जाता है नदी पार करने का जोखिम
तिलावे नदी से जुड़े इलाकों में ग्रामीणों की आवाजाही का एक बड़ा हिस्सा नाव पर निर्भर है. ऐसे में तेज बारिश और हवा के दौरान नदी पार करना जोखिम भरा हो जाता है. मंगलवार की घटना ने एक बार फिर नदी में नाव परिचालन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं.
फिलहाल प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों की नजर एसडीआरएफ के तलाशी अभियान पर टिकी है. एक तरफ रूपम देवी की मौत से परिवार सदमे में है, तो दूसरी तरफ नेहा कुमारी के परिजन उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद में नदी किनारे डटे हुए हैं.
