सरौनी गांव में एक ही रात में तीन घरों में चोरी

प्रखंड क्षेत्र के बसनही थाना अंतर्गत सरौनी मधेपुरा पंचायत के सरौनी गांव वार्ड नौ में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया.

नगदी, जेवरात और कपड़ों पर चोरों ने किया हाथ साफ

सोनवर्षाराज. प्रखंड क्षेत्र के बसनही थाना अंतर्गत सरौनी मधेपुरा पंचायत के सरौनी गांव वार्ड नौ में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, चोरों ने गौरव मंडल, रामबोल मंडल एवं हरदेव मंडल के घरों को निशाना बनाया. देर रात चोरों ने घरों के दरवाजे और कुंडी का ताला तोड़कर कमरे में रखे बक्से और पेटियां उठा लीं. इसके बाद चोर बक्सों को गांव से बाहर बहियार में ले गए, जहां ताला तोड़कर उसमें रखे नगदी, जेवरात एवं महंगे कपड़े चोरी कर लिए. घटना को अंजाम देने के बाद टूटे हुए बक्से और कुछ सामान वहीं छोड़ दिया गया.

बताया जा रहा है कि गौरव मंडल के घर से करीब 15 हजार रुपये नगद सहित हजारों रुपये मूल्य के जेवरात की चोरी हुई है. वहीं रामबोल मंडल के घर से दो हजार रुपये नगद, सोने के आभूषण तथा कपड़े चोरी कर लिए गए. हालांकि हरदेव मंडल के घर में घुसने के बावजूद चोरों के हाथ कोई कीमती सामान नहीं लग सका. घटना की जानकारी परिजनों को रविवार सुबह हुई. खोजबीन के दौरान बहियार में टूटे हुए बक्से और बिखरे कपड़े मिले. इसके बाद पीड़ित परिवारों ने पुलिस को सूचना दी. बसनही थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी विलंब से मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है तथा चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >