सोनबरसा राज: मनोरी चौक स्थित हार्डवेयर दुकान में चोरी, नकदी और पीतल के सामान समेत CCTV उखाड़ ले गए चोर

सहरसा जिले के सोनबरसा राज थाना क्षेत्र में एक हार्डवेयर दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर करीब 10 हजार रुपये नकद, 10-15 हजार के पीतल के सामान और वायरलेस सीसीटीवी कैमरा चुरा लिया. दुकानदार की लापरवाही का फायदा उठाकर चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

सहरसा जिले के सोनबरसा राज थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोरी चौक स्थित 'रंजीत हार्डवेयर' की दुकान में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. शातिर चोर दुकान के गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद और 10 से 15 हजार रुपये मूल्य के कीमती पीतल के सामान चुराकर फरार हो गए. पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से चोर दुकान में लगा वायरलेस सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़कर अपने साथ ले गए. शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

पीछे का दरवाजा खुला छूटने का चोरों ने उठाया फायदा

जानकारी के अनुसार, मनोरी गांव निवासी दुकानदार रंजीत कुमार साह शुक्रवार की रात काम समाप्त करने के बाद जल्दबाजी में दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे. जल्दबाजी के चक्कर में दुकान के पिछले हिस्से का दरवाजा बंद करना भूल गए. दुकान के पिछले हिस्से में सुरक्षा के तौर पर बांस की जाफरी बंधी हुई थी. चोरों ने इसी लापरवाही का फायदा उठाया और जाफरी की रस्सी काटकर आसानी से दुकान के अंदर प्रवेश कर गए.

दुकान में बिखड़ा पड़ा सामान

नकदी, पीतल का सामान और वायरलेस कैमरा गायब

दुकान के भीतर दाखिल होने के बाद चोरों ने गल्ले को खंगाला और उसमें रखे करीब 10 हजार रुपये नकद निकाल लिए. इसके अलावा दुकान में बिक्री के लिए रखे लगभग 10 से 15 हजार रुपये मूल्य के विभिन्न प्रकार के पीतल के सामान भी समेट लिए. वारदात को अंजाम देने के दौरान चोरों की नजर दुकान में लगे वायरलेस सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी, जिसे उन्होंने दीवार से उखाड़ लिया ताकि उनका कोई सुराग पुलिस के हाथ न लग सके.

सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक, तब हुआ खुलासा

चोरी की वारदात का पता शनिवार की सुबह तब चला जब दुकानदार रंजीत कुमार साह रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे. शटर खोलते ही दुकान के अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला और गल्ले से नकदी व पीतल के उपकरण गायब थे. दीवार पर लगा सीसीटीवी कैमरा भी नदारद देख दुकानदार के होश उड़ गए. पीड़ित ने तुरंत स्थानीय पुलिस और आपातकालीन नंबर 112 पर घटना की जानकारी दी.

डायल-112 की टीम ने शुरू की छानबीन

सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम तत्काल मनोरी चौक स्थित घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस पदाधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित दुकानदार से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई. पुलिस आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों की फुटेज खंगालने और चोरों के संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुट गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >