जालंधर से मृतक मजदूर का शव पहुंचा गांव, मचा कोहराम

जालंधर से मृतक मजदूर का शव पहुंचा गांव, मचा कोहराम

पांच दिन बाद पहुंचा शव सिमरी बख्तियारपुर . बलवाहाट थाना क्षेत्र के खजूरी पंचायत अंतर्गत बरसम गांव निवासी लिलनंद राम के 32 वर्षीय पुत्र पप्पू कुमार राम की पंजाब के जालंधर में सड़क दुर्घटना में हुई मौत के पांच दिन बाद जब उनका शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. स्वजनों के बीच कोहराम मच गया, वहीं पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार पप्पू कुमार राम करीब 15 दिन पूर्व रोजी-रोटी की तलाश में पंजाब के जालंधर गया था, जहां वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपना जीवनयापन कर रहा था. रविवार की देर शाम काम खत्म करने के बाद वह अपने ठिकाने पर लौटा. इस दौरान उसने अपने एक साथी से खाना बनाने को कहा और स्वयं सब्जी लाने के लिए बाहर निकला. इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मृतक अपने पीछे पत्नी बबिता देवी के अलावा एक चार वर्षीय पुत्र निखिल कुमार तथा दो पुत्रियां सृष्टि कुमारी (6 वर्ष) और स्वीटी कुमारी (4 वर्ष) को छोड़ गया है. इधर जदयू के नेता अमरेंद्र यादव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पंजाब सरकार से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >