Saharsa News: नवहट्टा (सहरसा). प्रखंड क्षेत्र में कोसी पूर्वी तटबंध से चंद्रायण, ताराही, खोन, मुरादपुर, बारा होते हुए रहुआ चौक तक जाने वाली विनोबा पथ (पुलिस लाइन) सड़क पर स्थित दो पुलियां गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं. जर्जर हालत के बावजूद इन्हीं पुलियों से प्रतिदिन छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन जारी है, जिससे लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.
मुरादपुर के पास दोनों पुलियां हुईं जर्जर
स्थानीय लोगों के अनुसार मुरादपुर गांव के पूरब और पश्चिम स्थित दोनों पुलियों की स्थिति काफी खराब हो चुकी है. पुलियों के किनारे टूट गए हैं और कई स्थानों पर गहरी दरारें पड़ गई हैं. इसके बावजूद इस मार्ग से निजी वाहनों के अलावा मालवाहक वाहन, ट्रैक्टर और सरकारी पिंक बस का भी नियमित परिचालन हो रहा है.
दर्जनों गांवों की लाइफलाइन है यह सड़क
ग्रामीणों ने बताया कि विनोबा पथ क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़क है. इसी मार्ग से आसपास के दर्जनों गांवों के लोग बाजार, अस्पताल, विद्यालय और प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचते हैं. कई प्रशासनिक और सरकारी अधिकारियों का भी इसी सड़क से नियमित आवागमन होता है.
मरम्मत नहीं होने से बढ़ रही चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि पुलियों की जर्जर स्थिति की जानकारी संबंधित विभाग और प्रशासन को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत या सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है. लगातार भारी वाहनों के गुजरने से पुलियों की स्थिति और अधिक खराब होती जा रही है.
तकनीकी जांच और मरम्मत की मांग
Saharsa News: ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से दोनों पुलियों की तत्काल तकनीकी जांच कराने, शीघ्र मरम्मत शुरू कराने तथा सुरक्षा की दृष्टि से भारी वाहनों के आवागमन पर आवश्यक नियंत्रण लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.
ये भी पढ़ें: समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन अग्निकांड की जांच तेज, जले कोच से साक्ष्य जुटाने में लगी विशेषज्ञ टीम
