जय झा व लोक गायक सुनील छैला बिहारी की शानदार प्रस्तुति पर देर रात तक झूमते रहे लोग
सोनवर्षाराज. प्रखंड क्षेत्र के विराटपुर स्थित मां चंडिका खेल मैदान में शुक्रवार की रात आयोजित श्रीचंडी महोत्सव सुर व लोकधुनों से सजा रहा. सारेगामापा फेम सिंगर जय झा व लोक गायक सुनील छैला बिहारी की शानदार प्रस्तुति पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में भारी संख्या में दर्शकों की भीड़ जुटी, जो पहली बार आयोजित हुए श्री चंडी महोत्सव के सांस्कृतिक पहचान की मजबूती का मिसाल पेश कर रही थी. सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत जय झा ने गणेश वंदना देवा श्री गणेशा देवा से की. इसके बाद उन्होंने लगन लगन तुझसे मेरी लग्न लगी, मुस्कुराने की वजह तुम हो, मेरे रश्के कमर तूने पहली नजर, तुझे लगे न नजरिया ओढ़ले चुनरिया, सुन हसीना पागल दीवानी और सावन में लग गयी आग जैसे एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया. हर गीत पर दर्शकों की तालियों से पूरा पंडाल गूंजता रहा.वहीं लोक गायक सुनील छैला बिहारी ने हे पंडा बाबा दर्शन करा द गीत से कार्यक्रम को लोक रंग में रंग दिया. इसके बाद उन्होंने अपने चर्चित गीत तनी खोल दी केवरिया जलवा ढार लेबे दी, खेले रहिए धुपे रहिए रोपे रहिए धान, मोने मोन विचारे रहिए जेबे बाबा धाम, कारगिल सीमा बा देय दल के जान हो धन्य धन्य भारत मां के वीर जवान हो प्रस्तुत कर देशभक्ति व लोकसंस्कृति का समां बांध दिया. कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व प्रशासनिक व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रही. देर रात तक चले सांस्कृतिक आयोजन में दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
