सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) : बाबा मटेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए सिमरी बख्तियारपुर से 216 फीट लंबी विशाल कांवर श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ गुरुवार को राजघाट, मुंगेर के लिए रवाना हुई. विशाल कांवर को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. रास्ते में इसे देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटती रही.
बोल-बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा इलाका
विशाल कांवर के साथ श्रद्धालु राजघाट पहुंचेंगे, जहां शुक्रवार सुबह गंगा जल भरकर बाबा मटेश्वर धाम के लिए प्रस्थान करेंगे. कांवर यात्रा के दौरान पूरा इलाका ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजता रहा.
श्रद्धालु विभिन्न माध्यमों से गुरुवार शाम तक राजघाट पहुंचेंगे. इसके बाद शुक्रवार की सुबह सामूहिक रूप से गंगाजल भरकर विशाल कांवर के साथ बाबा मटेश्वर धाम की ओर यात्रा शुरू की जाएगी.
भादो के दूसरे रविवार को होगा जलाभिषेक
बताया गया कि भादो मास के दूसरे रविवार को श्रद्धालु बाबा मटेश्वर धाम पहुंचकर वहां स्थापित अद्भुत शिवलिंग का गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे. 216 फीट लंबी कांवर के साथ होने वाली इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों में भी विशेष उत्साह है.
कांवरियों के लिए लगेंगे सेवा शिविर
कांवरियों की सेवा और स्वागत के लिए रास्ते में विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं. इन शिविरों में पेयजल, फल, शरबत समेत अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है.
विशाल कांवर के साथ श्रद्धालुओं की यह यात्रा धार्मिक आस्था और सामूहिक भक्ति का खास दृश्य पेश कर रही है. पूरी यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से क्षेत्र के भक्तिमय बने रहने की उम्मीद है.