श्रावणी मेले की तैयारियां तेज, एसडीएम ने बाबा मटेश्वर धाम का किया निरीक्षण

सहरसा में बाबा मटेश्वर धाम मंदिर में श्रावणी मेले की तैयारियां जोरों पर हैं. प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय है. एस.डी.एम. आलोक राय ने तैयारियों का जायजा लिया.

सहरसा : आगामी श्रावणी मेले को लेकर बाबा मटेश्वर धाम मंदिर में होने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. अनुमंडल पदाधिकारी आलोक राय लगातार मंदिर परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं. उनका उद्देश्य मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है.

मंदिर परिसर का किया निरीक्षण.

शुक्रवार को एसडीएम आलोक राय ने बाबा मटेश्वर धाम मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों और मेले की तैयारियों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग (भवन प्रमंडल, सहरसा) के कार्यपालक अभियंता को पोखर पार क्षेत्र में मजबूत एवं सुरक्षित बैरिकेडिंग शीघ्र तैयार कराने का निर्देश दिया, ताकि मेले के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया जा सके.

27 जुलाई तक सभी कार्य पूरे करने का निर्देश.

एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य हर हाल में 27 जुलाई तक पूरे कर लिए जाएं. उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता.

उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु आवागमन और शांतिपूर्ण दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करना है. भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद एसडीएम कार्यस्थल पर मौजूद रहकर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते रहे. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने का निर्देश दिया.

स्थानीय लोगों ने सराही प्रशासन की सक्रियता.

एसडीएम ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर तैयारियां समय पर पूरी करने पर भी जोर दिया. उनकी सक्रियता और लगातार मॉनिटरिंग की स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने सराहना की. लोगों का कहना है कि यदि इसी गति से तैयारियां पूरी हुईं तो इस वर्ष बाबा मटेश्वर धाम का श्रावणी मेला पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल होगा.

निरीक्षण के दौरान बाबा मटेश्वर धाम मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष मुन्ना भगत, भवन निर्माण विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मी मौजूद थे.

और पढ़ें : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >