सिमरी बख्तियारपुर से आयुष की रिपोर्ट
Sarhasa News: सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र में हुई बारिश के बाद कई वार्डों और प्रमुख सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. अचानक हुए जलभराव से आम लोगों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थिति को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए युद्धस्तर पर पानी निकासी का अभियान शुरू कर दिया है.
बारिश के बाद सड़कों पर उतरा पानी, लोगों की बढ़ी चिंता
बारिश थमने के बाद शहर के कई निचले इलाकों में पानी जमा हो गया. मुख्य सड़कें और मोहल्लों की गलियां जलमग्न नजर आईं. बाजार आने-जाने वाले लोगों को पानी भरी सड़कों से गुजरना पड़ा. कई स्थानों पर पैदल चलना मुश्किल हो गया, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी फिसलन और जलभराव के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी देर की बारिश में ही शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की समस्या सामने आ जाती है. इससे रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित होती हैं और व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ता है.
नगर परिषद ने संभाला मोर्चा, शुरू हुआ राहत अभियान
जलजमाव की सूचना मिलते ही नगर परिषद प्रशासन सक्रिय हो गया. कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास के निर्देश पर नगर परिषद की टीम प्रभावित इलाकों में पहुंची और पानी निकासी का कार्य शुरू किया गया.
टैक्स दारोगा हसनैन मोहसिन के नेतृत्व में सफाई कर्मियों की टीम ट्रैक्टर, सक्शन मशीन और बड़े पंपिंग सेट के साथ विभिन्न वार्डों में पहुंची. टीम ने जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर नालों की सफाई और पानी निकासी का काम तेज कर दिया.
युद्धस्तर पर चल रहा अभियान, जल्द सामान्य होगी स्थिति
नगर परिषद प्रशासन का दावा है कि जलनिकासी का कार्य लगातार जारी है और प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. अधिकारियों के अनुसार मुख्य सड़कों पर यातायात को सामान्य बनाए रखने और नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है.
कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास ने कहा कि बारिश और आंधी के बाद उत्पन्न हालात पर प्रशासन की लगातार नजर है. नगर परिषद की पूरी टीम मुस्तैदी से काम कर रही है और जल्द ही सभी प्रभावित इलाकों से पानी निकालकर सामान्य स्थिति बहाल कर दी जाएगी.
मानसून से पहले चुनौती बना जलजमाव
मानसून की दस्तक से पहले ही शहर में जलजमाव की समस्या सामने आने लगी है. ऐसे में नगर परिषद के लिए जलनिकासी व्यवस्था को और मजबूत करना बड़ी चुनौती माना जा रहा है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल से आने वाले दिनों में इस समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा.
Also Read: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड
