सहरसा सदर अस्पताल में डीएम का औचक निरीक्षण, ड्यूटी से गायब मिले कर्मियों से मांगा जाएगा जवाब

जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने सहरसा सदर अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पड़ताल की. उन्होंने ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है और मरीजों की सुविधाओं का जायजा लिया. चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए रिपोर्ट मांगी गई है.

Saharsa News: सहरसा मॉडल सदर अस्पताल की व्यवस्था को लेकर मंगलवार को उस समय अधिकारियों में हलचल बढ़ गयी, जब जिलाधिकारी दीपेश कुमार अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंच गये. डीएम ने अस्पताल के वार्डों से लेकर इमरजेंसी, आईसीयू, साफ-सफाई और चिकित्सकों-कर्मियों की उपस्थिति तक की पड़ताल की.

निरीक्षण के दौरान एक-दो कर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले. डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया. उन्होंने साफ कहा कि अस्पताल में ड्यूटी के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित होनी चाहिए. मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

मैटरनिटी वार्ड से आईसीयू तक डीएम ने देखी व्यवस्था

जिलाधिकारी ने मॉडल सदर अस्पताल के मैटरनिटी एवं चाइल्ड हॉस्पिटल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया. इसके अलावा इमरजेंसी के अलग-अलग वार्ड, आईसीयू और अस्पताल परिसर की व्यवस्थाओं को भी देखा.

उन्होंने ड्यूटी रोस्टर की जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोस्टर के अनुसार सभी चिकित्सक और कर्मी समय पर ड्यूटी पर मौजूद रहें.

अस्पताल पहुंचने से पहले साफ-सफाई का काम भी तेज कर दिया गया था. डीएम ने अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया.

मरीजों के पास पहुंचे डीएम, दवा और इलाज का जाना हाल

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी केवल अधिकारियों से जानकारी लेकर नहीं लौटे. उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत की.

डीएम ने मरीजों से पूछा कि उन्हें इलाज में किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है. दवाएं मिल रही हैं या नहीं और चिकित्सक नियमित रूप से मरीजों को देख रहे हैं या नहीं, इसकी भी जानकारी ली गयी.

मरीजों से मिली जानकारी के आधार पर अस्पताल की व्यवस्थाओं का आकलन किया गया. अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि मरीजों को जरूरी दवाएं और निर्धारित चिकित्सकीय सुविधाएं समय पर मिलें.

चिकित्सकों की कमी बनी बड़ी चुनौती, मांगी गयी रिपोर्ट

निरीक्षण के बाद प्रभारी अधीक्षक कक्ष में अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई. बैठक में अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता, मरीजों की संख्या, संसाधनों की जरूरत और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की गयी.

इस दौरान चिकित्सकों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया. जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकों और जरूरत के मुताबिक आवश्यक चिकित्सकों की संख्या की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

डीएम ने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजकर चिकित्सकों की कमी दूर करने का प्रस्ताव दिया जाएगा. पर्याप्त चिकित्सक उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा और अस्पताल की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी.

नवहट्टा पीएचसी का भी किया निरीक्षण

मॉडल सदर अस्पताल पहुंचने से पहले जिलाधिकारी ने नवहट्टा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया था. दोनों स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये.

डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाये रखने के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति बेहद जरूरी है. ड्यूटी में लापरवाही करने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

कायाकल्प में बिहार में पहला स्थान मिलने का किया जिक्र

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था पर संतोष जताया. उन्होंने कहा कि मॉडल सदर अस्पताल ने कायाकल्प में बिहार में पहला स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है.

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपलब्धियों के बावजूद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाने की जरूरत है. मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होनी चाहिए.

Saharsa News: डीपीएम प्रभार विवाद पर बोले डीएम- प्रबंधन स्तर का मामला

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी से जिला स्वास्थ्य समिति में डीपीएम के प्रभार को लेकर चल रहे विवाद के संबंध में भी सवाल किया गया.

इस पर डीएम ने कहा कि यह प्रबंधन स्तर का मामला है और संबंधित स्तर पर इसकी समीक्षा की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है.

निरीक्षण के दौरान अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. सुशील कुमार आजाद, अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी सहित अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे.

फोटो - सहरसा - मॉडल सदर अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम | Prabhat Khabar Network

Also Read: अक्टूबर से फिर बिहार के लोगों के बीच जाएंगे नीतीश कुमार? संजय झा से मुलाकात के बाद बढ़ी सियासी हलचल

Also Read: पटना नगर निगम ने अपने ही मेयर को थमाया नोटिस, 26 हजार आवासीय संपत्तियों पर सीलिंग का खतरा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजन आर्यन सिंह

पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. अब तक लगातार सहरसा से क्राइम और स्वास्थ्य की खबरें संकलित करता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >