सहरसा-जमालपुर पैसेंजर ट्रेन को सांसद व सीनियर डीसीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सहरसा. सहरसा-जमालपुर मेमो पैसेंजर ट्रेन का मंगलवार को नए नंबर से परिचालन शुरू हो गया. सांसद दिनेश चंद्र यादव एवं समस्तीपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति ने मंगलवार की सुबह सहरसा जंक्शन से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया. इस दौरान जंक्शन पर कई रेल अधिकारी एवं हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे. सहरसा, जमालपुर मेमो पैसेंजर ट्रेन नियमित रूप से नए नंबर 63398/97 से परिचालन शुरू होने से ट्रेन में बैठे यात्री काफी खुश नजर आ रहे थे. सुबह 5:15 पर सांसद एवं सीनियर डीसीएम ने प्लेटफॉर्म संख्या तीन से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया. रेगुलर ट्रेन होने से कोसी के लोगो में काफी हर्ष है.वहीं सांसद ने लोगों को संबोधित करते कहा कि अभी यहां लाइन एवं प्लेटफार्म की संख्या कम है. करीब 160 करोड़ की लागत से सहरसा में यार्ड रीमॉडलिंग कार्य पूरा होने के बाद कोसी क्षेत्र रेल नेटवर्किंग में हर राज्य से जुड़ जायेगा. देश के हर राज्यों के लिए यहां से ट्रेन चलेगी. वहीं इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर सीनियर डीसीएम ने सांसद को शॉल भेंट कर सम्मानित किया. कार्यक्रम में स्टेशन अधीक्षक सुभाष चंद्र झा, डीसीआई संजय कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार यादव, सीएचआई चंदन चौहान, सीटीटीआई ईश्वर प्रसाद सिंह के अलावा कई रेल अधिकारी मौजूद थे. कार्यक्रम में मंच संचालन स्टेशन अधीक्षक सुभाष चंद्र झा ने किया. पूर्व में सहरसा जमालपुर पैसेंजर ट्रेन स्पेशल ट्रेन के रूप में 05509/10 नंबर से स्पेशल में संचालित हो रही थी. मंगलवार से इसे नियमित कर दिया गया है. हालांकि ट्रेन के आगमन और प्रस्थान में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है. ट्रेन प्रतिदिन सुबह 5:15 बजे सहरसा से चलकर सुबह 8:05 बजे जमालपुर पहुंचती है. वापसी में यह ट्रेन रात 9:45 बजे जमालपुर से रवाना होकर देर रात्रि एक बजे सहरसा जंक्शन पहुंचती है.
