श्रद्धालु व ग्रामीणों ने श्रमदान कर धार्मिक आस्था का दिया अनुपम उदाहरण

बिहार के प्रसिद्ध एवं अतिप्राचीन धार्मिक स्थल बाबा मटेश्वर धाम मंदिर के नवनिर्माण कार्य ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है.

बाबा मटेश्वर धाम में छत ढलाई कार्य संपन्न, क्षेत्र में हर्ष का माहौल

सिमरी बख्तियारपुर. बिहार के प्रसिद्ध एवं अतिप्राचीन धार्मिक स्थल बाबा मटेश्वर धाम मंदिर के नवनिर्माण कार्य ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है. बुधवार की अहले सुबह से मंदिर की छत ढलाई का कार्य विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ, जो देर शाम तक सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया. छत ढलाई के दौरान इलाके के सैकड़ों श्रद्धालु एवं ग्रामीणों ने श्रमदान कर धार्मिक आस्था का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया. छत ढलाई से पूर्व मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष सह पूर्व विधायक डॉ अरुण कुमार यादव ने सपत्नीक विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर कार्य का शुभारंभ कराया. इस मौके पर मंदिर के संस्थापक और सामाजिक कार्यकर्ता मुन्ना भगत ने कहा कि बाबा मटेश्वर धाम मंदिर जब नव्य, भव्य और दिव्य स्वरूप में पूर्ण होगा, तब यह आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा.

2021 में नवनिर्माण की रखी गयी थी नींव

बता दें कि 18 जून 2021 को मंदिर के नवनिर्माण की नींव रखी गयी. इस मौके पर मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिनेश चंद्र यादव ने विधिवत शिलान्यास किया. इसके बाद फरवरी 2023 तक मंदिर निर्माण कार्य जारी रहा. हालांकि विभिन्न कारणों से यह कार्य कुछ महीनों तक धीमा रहा. इस दौरान श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ा. इसके बाद बुधवार को मंदिर निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मानी जाने वाली छत ढलाई का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ, जिससे मंदिर निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच गया है.

बाबा मटेश्वर धाम मंदिर का ऐतिहासिक महत्व

प्रसिद्ध बाबा मटेश्वर धाम मंदिर का इतिहास अत्यंत प्राचीन है. लंबे समय तक गुमनामी में रहने के बाद मंदिर को नई पहचान 1997 में मिली, जब कांठो निवासी मुन्ना भगत ने अपने साथियों के साथ डाकबम यात्रा की शुरुआत की. 2005 में श्रावणी मेला की विधिवत शुरुआत के बाद से बाबा मटेश्वर धाम निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है. श्रद्धालुओं के मुताबिक बाबा मटेश्वर धाम मंदिर की महिमा अपरंपार है. सावन माह में यहां हजारों शिवभक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं. अब मंदिर का नव्य-भव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए और अधिक आकर्षण का केंद्र बनेगा. छत ढलाई संपन्न होने के साथ ही श्रद्धालुओं में यह उम्मीद और प्रबल हो गयी है कि शीघ्र ही बाबा मटेश्वर धाम मंदिर पूरी तरह से भव्य रूप में दर्शनार्थियों के लिए तैयार होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >