महर्षि मेंही चौक से आश्रम जाने वाली जर्जर सड़क की जनसहयोग से हुई मरम्मत

बुधवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड पांच स्थित महर्षि मेंही चौक से आश्रम जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत जनसहयोग से करायी गयी.

सहरसा. बुधवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड पांच स्थित महर्षि मेंही चौक से आश्रम जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत जनसहयोग से करायी गयी. महर्षि मेंही चौक से महर्षि मेंही आश्रम और पासवान टोला को जोड़ने वाली सड़क महीनों से बदहाल स्थिति में है. सड़क पर नाले का गंदा पानी बहने के कारण पूरे इलाके में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. महर्षि मेंही आश्रम के देवव्रत बाबा ने बताया कि सड़क पर हमेशा पानी भरा रहने के कारण आश्रम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों को काफी दिक्कत होती थी. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गये थे. जिनमें गिरकर कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं. रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती थी, क्योंकि पानी भरे गड्ढे नजर नहीं आते थे.

निगम व प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार की शिकायत, अब तक नहीं हुई कार्रवाई

देवव्रत बाबा ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों से लिखित व मौखिक शिकायत की गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी. बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब समस्या जस की तस बनी रही, उसके बाद आश्रम प्रबंधन और स्थानीय लोगों से मिलकर जनसहयोग के माध्यम से सड़क की मरम्मत की जा रही है. आश्रम द्वारा सड़क पर राबिस और मिट्टी गिराकर गड्ढों को भरा जा रहा है, ताकि लोगों को आने-जाने में कुछ राहत मिल सके. हालांकि यह अस्थायी समाधान है. लोगों ने बताया कि नगर निगम की उदासीनता के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा. लोगों में नगर निगम के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों ने मांग की है कि नगर निगम जल्द से जल्द सड़क का स्थायी निर्माण कराए व नाले के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था करे, ताकि भविष्य में जलजमाव की समस्या न हो. फिलहाल जनसहयोग से की जा रही मरम्मत से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए प्रशासनिक पहल का इंतजार अब भी बना हुआ है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >