भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शुरू, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत जिला कार्यालय में आयोजन सहरसा. भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत शनिवार को जिला कार्यालय पटुआहा में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम जिलाध्यक्ष साजन शर्मा की अध्यक्षता व जिला महामंत्री शिव भूषण सिंह के संचालन में संपन्न हुआ. प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन सत्र में पूर्व विधायक डॉ आलोक रंजन, प्रदेश महामंत्री लाजवंती झा, प्रदेश मंत्री सह क्षेत्रीय प्रभारी मनोज कुमार सिंह, महापौर बैन प्रिया, जिला प्रभारी सुनील कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष दिवाकर सिंह, नीरज कुमार गुप्ता, मदन प्रसाद चौधरी माधव समेत कई नेताओं ने संबोधित किया. पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने संगठन और सरकार के समन्वय पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि सरकार और दल के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है. कई बार कार्यकर्ता गलतफहमी में सरकार के खिलाफ चौक-चौराहों पर चर्चा करने लगते हैं, जिससे सरकार की छवि धूमिल होती है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी बात उचित प्लेटफॉर्म पर बैठकों में रखनी चाहिए, ताकि संगठन और सरकार के बीच समन्वय बना रहे. इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने कार्यालय परिसर में लगायी गयी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया. प्रदर्शनी में भाजपा के आंदोलनात्मक एवं सकारात्मक कार्यक्रमों की झलक प्रस्तुत की गयी. साथ ही वर्ष 1980 से 2026 तक भाजपा के सभी जिलाध्यक्षों की तस्वीरें लगाकर उन्हें याद किया गया. भारतीय जनसंघ के तृतीय प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद रहे स्व जयकांत मिश्र व भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व संजीव झा को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया. मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने भाजपा की कार्यपद्धति पर चर्चा की. वहीं प्रदेश मंत्री मनोज कुमार सिंह ने देश के समक्ष सामाजिक एवं राजनीतिक चुनौतियों पर प्रकाश डाला. विजय शंकर चौधरी उर्फ खोखा जी ने भाजपा के इतिहास और विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की. पांचवें सत्र में मधेपुरा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पिछड़ा आयोग के सदस्य स्वदेश कुमार यादव ने मीडिया विमर्श विषय पर कार्यकर्ताओं को जागरूक किया. उन्होंने सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया व प्रिंट मीडिया की भूमिका पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया. कार्यक्रम में जिले भर से आये पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सभी वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और समाज सेवा की भावना से कार्य करता है. कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया. प्रशिक्षण वर्ग का आगामी सत्र रविवार को भी जारी रहेगा.
उचित प्लेटफॉर्म पर रखें अपनी बात : नीरज कुमार सिंह
उचित प्लेटफॉर्म पर रखें अपनी बात : नीरज कुमार सिंह
