Protest : सोमवार की शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वीर कुंवर सिंह चौक पर एकत्र होकर सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुई कथित घटना के विरोध में प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री एवं दिल्ली सरकार का पुतला दहन किया और घटना के खिलाफ नारेबाजी की. साथ ही सांसद पप्पू यादव को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई.
प्रदेश महासचिव ने घटना की निंदा की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रंजन यादव ने कहा कि दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद पप्पू यादव पर कथित जानलेवा हमले का प्रयास हुआ, जिसे कार्यकर्ताओं और समर्थकों की सतर्कता से विफल कर दिया गया. उन्होंने कहा कि सतर्कता के कारण एक बड़ी घटना टल गई और इस प्रकार की घटना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है.
जेड प्लस सुरक्षा देने की उठी मांग
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे यूथ कांग्रेस के शंकर मंडल ने कहा कि सांसद पप्पू यादव के साथ इस तरह की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से सांसद को अविलंब जेड प्लस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को सांसद के किसी बयान पर आपत्ति है तो उसका विरोध लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से किया जाना चाहिए.
कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
कार्यक्रम में वक्ताओं ने दिल्ली में हुई कथित घटना को लेकर कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. कांग्रेस नेता विपिन यादव ने कहा कि सांसद पर चाकू से कथित हमले की घटना निंदनीय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में ऐसी घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है.
कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
पुतला दहन कार्यक्रम में कमलेश्वरी यादव, शशि यादव, उमेश यादव, विक्रम यादव, दीपक झा, अजित यादव, ताबिश मेहर, विपिन यादव, इंद्रजीत कुमार, मनीष कुमार, महेश यादव, दीपक यादव, लड्डू यादव, बबलू कुमार, अंशु कुमार सिंह, आशीष कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
