57,878 लीटर शराब और 4,870 किलो गांजा बरामद, 1,638 तस्कर जेल भेजे गए

कोसी क्षेत्र में "नशा मुक्त कोसी" अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई हुई है. इस अभियान में 57,878 लीटर से अधिक अवैध शराब, 4,870 किलोग्राम गांजा और भारी मात्रा में अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं. कुल 1,638 तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.

सहरसा. पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र, सहरसा के निर्देशन में सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले में चल रहा "नशा मुक्त कोसी" अभियान लगातार बड़ी कार्रवाई कर रहा है. अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, हथियार, वाहन और नकदी बरामद की गई है. अभियान की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को डीआईजी ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.

फरवरी 2026 से तीन जिलों में चल रहा अभियान

पुलिस उप-महानिरीक्षक के निर्देश पर फरवरी 2026 से कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस के अनुसार अभियान को आम लोगों का भी सहयोग मिल रहा है. सूचना और सहयोग के आधार पर पुलिस को तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सफलता मिल रही है.

57,878 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद

अभियान के दौरान अब तक 57,878.49 लीटर अवैध शराब बरामद की जा चुकी है. इसके अलावा 2,384.77 लीटर अवैध कफ सिरप भी जब्त किया गया है. पुलिस की कार्रवाई में 4,870.146 किलोग्राम गांजा, 6,750.792 ग्राम स्मैक, 8,824 नशीले इंजेक्शन और 325 नशीली टैबलेट भी बरामद की गई हैं.

हथियार और तस्करी में इस्तेमाल सामान भी जब्त

नशीले पदार्थों के साथ पुलिस ने हथियारों की भी बरामदगी की है. अभियान के दौरान दो विदेशी पिस्तौल, पांच देसी कट्टा, एक देसी मस्कट, तीन मैगजीन और 21 कारतूस जब्त किए गए. इसके अलावा 39 मोबाइल फोन, 13 चारपहिया वाहन, एक नाव और एक ट्रक भी पुलिस ने जब्त किया है.

55 लाख से ज्यादा भारतीय रुपये भी मिले

तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 55,53,096 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद की है. इसके अलावा एक पासबुक, एक एटीएम कार्ड, एक लोहे की भट्ठी और चार इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए गए हैं.

1,638 तस्कर भेजे गए न्यायिक हिरासत में

कोसी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान अब तक कुल 1,638 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया. पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को किया सम्मानित

अभियान की सफलता में योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर डीआईजी कार्यालय में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मानित अधिकारियों में सहरसा एसपी विक्रम सिहाग, मधेपुरा एसपी संदीप सिंह, सुपौल एसपी शरथ आरएस, एएसपी प्रशासन मो. सेहबान हबीब फखरी और एसएसबी 45वीं बटालियन वीरपुर के उप-कमांडेंट सुमन सौरभ शामिल रहे.इसके अलावा परिवीक्ष्यमान डीएसपी सह मुरलीगंज थानाध्यक्ष नुरूल हक, किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार, सुपौल जिला बल के एसआई सोबरन कुमार, सहरसा जिला बल के एसआई दयानंद कुमार महतो, एसआई अमित रंजन, एसआई धर्मपति झा और डीआईजी कार्यालय के एसआई विजेंद्र प्रताप सिंह को भी सम्मानित किया गया.

एसएसबी जवानों को भी मिला सम्मान

सम्मानित होने वालों में एसएसबी 45वीं बटालियन वीरपुर के सेकेंड-इन-कमांड जगदीश कुमार शर्मा, एएसआई/जीडी चमन सिंह चौहान तथा सीटी/जीडी सचिन एवं मनोज कुमार भी शामिल रहे. अधिकारियों ने अभियान में पुलिस और एसएसबी के बीच समन्वय को महत्वपूर्ण बताया.

आम लोगों से सूचना देने की अपील

पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय ने आम लोगों से नशे के अवैध कारोबार और तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है और कोसी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की दिशा में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजन आर्यन सिंह

पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. अब तक लगातार सहरसा से क्राइम और स्वास्थ्य की खबरें संकलित करता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >