कोढ़ा गैंग का है सदस्य, एक अपराधी हुआ फरार अपराधी बैंक में रेकी करते थे व मौका देख कर बाइक की डिक्की तोड़ कर रुपया लेकर फरार हो जाते सहरसा.शहर के बंफर चौक पर गुरुवार की देर शाम महिला के गले से चेन छीनकर भाग रहे अपराधी को पकड़ कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जाता है कि कोढा गैंग के दो बाइक सवार युवक चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे थे. महिला द्वारा हल्ला करने के बाद बाइक सवार संतुलन खोकर गिर गया, मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया. जबकि उसका एक साथी मौके से भागने में सफल रहा. पकड़े गये आरोपी की पहचान संजीत कुमार गड़रिया पिता श्याम यादव व फरार आरोपी की पहचान राधव कुमार पिता खेरु यादव, जुडावगंज कटिहार कोढा गैंग के रूप में हुई है. बताया जाता है कि दोनों अपराधी बैंक में रेकी करते थे व मौका देख कर बाइक की डिक्की तोड़ कर रुपया लेकर फरार हो जाते हैं. ये गैंग सोने का चेन पहने महिलाओं को अपना निशाना बनाते हैं. सूचना पर पहुंची सदर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया व बाइक को जब्त कर लिया. बरामद बाइक चोरी का बताया जा रहा है. जिसका अपराधियों द्वारा नंबर प्लेट बदल कर अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जाता था. पुलिस ने बाइक का डिक्की तोड़ने का औजार बरामद किया है. सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि पकड़े गये आरोपी के खिलाफ चेन स्नैचिंग सहित अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी खंगाली जा रही है. वहीं फरार आरोपी राधव कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
