बढ़ती गर्मी से लोग हो रहे परेशान, अगले तीन दिन तापमान में वृद्धि की संभावना

जिले में पिछले एक सप्ताह से जारी भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग की संभावना भी सटीक साबित नहीं हो रही है.

ह्यूमिडिटी बढ़ने से उमस ने बढ़ायी परेशानी, 40 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

सहरसा. जिले में पिछले एक सप्ताह से जारी भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग की संभावना भी सटीक साबित नहीं हो रही है. लोगों का घरों से निकलना कठिन हो गया है. धीरे-धीरे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस की ओर बढ़ रहा है, जिससे न घर में और न बाहर लोगों को राहत मिल रही है. पिछले अप्रैल महीने से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था. अप्रैल में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया था. हालांकि मई महीने के पहले सप्ताह में आंधी एवं वर्षा से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन उसके बाद एक बार फिर गर्मी अपने प्रचंड रूप में लौट आयी है. जबकि जून और जुलाई का महीना अभी बाकी है.

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जतायी गयी वर्षा की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है. क्षेत्रीय अनुसंधान संस्थान अगवानपुर के तकनीकी पदाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. उन्होंने कहा कि 22 मई तक तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है.

13 से 15 जून के बीच मानसून के प्रवेश करने की संभावना

पिछले दिनों हुई वर्षा के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज गर्म होता जा रहा है. लगातार तापमान में बढ़ोतरी होने से ह्यूमिडिटी काफी बढ़ गयी है, जो लोगों की बेचैनी बढ़ा रही है. तकनीकी पदाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि ह्यूमिडिटी बढ़ने के कारण गर्मी अधिक महसूस हो रही है. सोमवार को जहां तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, वहीं मंगलवार को इसमें वृद्धि दर्ज की गयी और पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों तक गर्मी और बढ़ने की संभावना है तथा तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. साथ ही उन्होंने बताया कि कोसी क्षेत्र में 13 से 15 जून के बीच मानसून के प्रवेश करने की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >