सोनवर्षा विधानसभा के लिए पांचवें दिन भी नहीं हुआ एक भी नामांकन, अब दो दिन शेष
सहरसा. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जारी नामांकन के पांचवें दिन सहरसा विधानसभा के लिए एक प्रत्याशी रमेश साह एवं महिषी विधानसभा के लिए राजा कुमार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है. जबकि सोनवर्षा विधानसभा के लिए पांचवें दिन भी नामांकन नहीं हो सका. नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए अब मात्र दो दिन शेष बचा है एवं सभी प्रमुख दलों के प्रत्याशी भी इन दो दिनों में ही अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. ऐसे में गुरुवार एवं शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सोनवर्षा, सहरसा एवं महिषी विधानसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने में प्रत्याशियों एवं समर्थकों की भीड़ उमड़ेगी, जिसको लेकर समाहरणालय सहित आसपास के क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गयी है. सहरसा विधानसभा के निर्वाचन पदाधिकारी सह सदर एसडीओ श्रेयांश तिवारी ने बताया कि सहरसा विधानसभा के लिए निर्दलीय उम्मीदवार नरियार निवासी रमेश साह ने अपना नामांकन कराया है.अब तक 22 प्रत्याशियों ने कटायी नाजिर रसीद
वहीं महिषी विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता निशांत ने बताया कि महिषी विधानसभा के लिए निर्दलीय प्रत्याशी राजा कुमार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है. मालूम हो कि पहले चरण में जिले में होने वाले मतदान के लिए 10 अक्तूबर से ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू है. समाहरणालय परिसर में सोनवर्षा, सहरसा व महिषी विधानसभा के लिए प्रत्याशियों का नामांकन किया जा रहा है, जबकि सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के नामांकन को लेकर एसडीओ सिमरी बख्तियारपुर में नामांकन पत्र लिया जा रहा है. सोनवर्षा, सहरसा एवं महिषी विधानसभा के लिए पिछले चार दिनों में एक भी नामांकन नहीं किया गया. जबकि इस दौरान 22 प्रत्याशियों ने अपना एनआर कटाया. जिनमें सहरसा विधानसभा के लिए एक निर्दलीय प्रत्याशी रमेश साह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है. अब तक 74 सोनवर्षा विधानसभा के लिए दो, 75 सहरसा के लिए आठ एवं 77 महिषी विधानसभा के लिए 12 प्रत्याशियों ने एनआर कटाया है. जिनमें गुरुवार को सोनवर्षा विधानसभा के लिए सतेंद्र हजारा, सहरसा विधानसभा के लिए अमर शंकर, कृष्ण कुमार झा एवं महिषी विधानसभा के लिए गौतम कृष्ण, प्रियंका आनंद, गुंजेश्वर साह व शमीम अख्तर ने एनआर कटाया है, जबकि नामांकन 17 अक्तूबर तक लिया जायेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
