होली पर विधि व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, उपद्रवियों पर रखें पैनी नजर : डीआइजी
आगामी होली पर्व के दौरान क्षेत्र की विधि व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
कोसी प्रक्षेत्र के डीआइजी ने सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ कार्यालय का किया वार्षिक निरीक्षण
सिमरी बख्तियारपुर. आगामी होली पर्व के दौरान क्षेत्र की विधि व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसलिए सभी पुलिस पदाधिकारी पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं. यह बातें कोसी प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ कुमार आशीष ने बुधवार को कहीं. वे सिमरी बख्तियारपुर स्थित एसडीपीओ कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण करने पहुंचे थे.
कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज करने का निर्देश
बुधवार को डीआइजी के एसडीपीओ कार्यालय परिसर पहुंचते ही पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया. इसके बाद एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर तथा सर्किल इंस्पेक्टर शुजाउद्दीन ने डीआइजी डॉ कुमार आशीष को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया. औपचारिक स्वागत के बाद डीआइजी ने एसडीपीओ कार्यालय में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने थाना स्तर पर लंबित कांडों की एक-एक कर बारीकी से समीक्षा की. उन्होंने अनुसंधान में तेजी लाकर मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया. डीआइजी ने स्पष्ट किया कि गंभीर मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. वारंट एवं कुर्की जब्ती की कार्रवाई तेज करने, फरार चल रहे अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए नियमित वाहन चेकिंग व सघन गश्ती चलाने पर विशेष जोर दिया. अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि थाना स्तर पर जनसुनवाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाएं. आम लोगों की शिकायतों का त्वरित व पारदर्शी तरीके से निबटारा करें, ताकि खाकी पर जनता का भरोसा और अधिक मजबूत हो सके. साथ ही रिकॉर्ड संधारण और कांड डायरी लेखन को अपडेट रखने का निर्देश दिया.
त्योहार को लेकर पुलिस रहे अलर्ट मोड पर
आगामी होली पर्व के मद्देनजर डीआइजी ने सभी थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संवेदनशील व अतिसंवेदनशील स्थानों को चिह्नित करें और वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें. शांतिपूर्ण माहौल के लिए असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और त्योहार से पूर्व नियमित रूप से शांति समिति की बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया. डीआइजी ने सख्त लहजे में कहा कि अवैध शराब तस्करों पर पुलिस का डंडा सख्ती से चलना चाहिए. इसके अलावा थानों को सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया. भड़काऊ पोस्ट करने या अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर तुरंत एफआइआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
परिसर में किया पौधरोपण
निरीक्षण और बैठक के समापन के बाद डीआइजी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एसडीपीओ कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया. इस मौके पर बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, काशनगर थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार, चिरैया थानाध्यक्ष कुंदन सहनी, कनरिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार, सलखुआ थानाध्यक्ष संजना कुमारी, बनमा इटहरी थानाध्यक्ष खुशबू कुमारी, बलवाहाट से संदीप कुमार, बसनही से शारदा कुमारी समेत अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी मुस्तैद रहे.