अवैध संबंध के विरोध में विवाहिता की हत्या का आरोप, घर से शव बरामद

बलवाहाट थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत के मदनपुर गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गयी.

पति पर पत्नी की हत्या का आरोप

सिमरी बख्तियारपुर. बलवाहाट थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत के मदनपुर गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गयी. पुलिस ने वार्ड संख्या दो स्थित एक घर से 27 वर्षीय रौनक खातून का शव बरामद किया. घटना के बाद घर के सभी सदस्य फरार बताए जा रहे हैं. मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. सूचना मिलते ही एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर और बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.

पति के अवैध संबंध का करती थी विरोध

मृतका के पिता मो जाकिर, जो धकजरी गांव के निवासी हैं, ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था. उनके अनुसार दामाद मो जफर का किसी अन्य महिला से संबंध था, जिसका रौनक खातून विरोध करती थी. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी. परिजनों का आरोप है कि राजस्थान में मजदूरी करने वाला मो जफर 19 मई को घर लौटा था. इसके बाद घर में तनाव बढ़ गया. गुरुवार देर रात रौनक के साथ मारपीट की सूचना मिली, लेकिन जब तक परिजन पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी. उन्होंने दावा किया कि शव के पास खून के निशान मिले और घटना के बाद घर के सभी लोग फरार हो गये.

2018 में हुई थी शादी, दो मासूम बेटियों से छिना मां का साया

परिजनों के अनुसार, रौनक खातून की शादी वर्ष 2018 में मो जफर से हुई थी. दंपती की दो पुत्रियां हैं. बड़ी बेटी रौशन खातून लगभग चार वर्ष और छोटी बेटी रेशमी खातून करीब एक वर्ष की है. बताया गया कि पारिवारिक विवाद के कारण रौनक पिछले छह माह से मायके में रह रही थी. वह 11 मई को ही वापस ससुराल लौटी थी. इसके कुछ दिनों बाद ही उसकी संदिग्ध मौत हो गयी. घटना के बाद दोनों मासूम बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है.

एफएसएल टीम कर रही जांच

थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी. जबकि एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि मदनपुर गांव से एक महिला का शव बरामद किया गया है. प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है. वैज्ञानिक एवं पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. आवेदन प्राप्त होते ही दोषियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >