महिषी में सार्वजनिक पुस्तकालय का उद्घाटन, विधायक बोले- ज्ञान और संस्कृति की धरोहर है यह धरती

महिषी में ज्ञान और संस्कृति की धरती पर एक नए पुस्तकालय का उद्घाटन हुआ है. भारती मंडन विकास समिति की पहल पर ग्रामीणों के सहयोग से यह पुस्तकालय बना है. विधायक संजय सिंह ने इसका लोकार्पण किया.

सहरसा : मुख्यालय पंचायत महिषी उत्तरी में सामाजिक संस्था भारती मंडन विकास समिति की पहल पर सार्वजनिक सहयोग से निर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन सोमवार को सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया.

महिषी की गौरवशाली परंपरा का किया उल्लेख

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजय सिंह ने कहा कि महिषी प्राचीन काल से ज्ञान, दर्शन और संस्कृति की धरती रही है. आचार्य मंडन मिश्र और उनकी धर्मपत्नी उभय भारती का सनातन धर्म एवं वैदिक ज्ञान के संरक्षण और प्रसार में अतुलनीय योगदान रहा है, जिसकी चर्चा आज भी वैश्विक स्तर पर होती है.

उन्होंने कहा कि इसी पावन धरती पर साहित्यकार राजकमल चौधरी का भी जन्म हुआ, जिन्होंने हिंदी और मैथिली साहित्य को अपनी रचनाओं से समृद्ध किया.

ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा पुस्तकालय

विधायक ने कहा कि शिक्षा और ज्ञान के प्रसार के लिए भारती मंडन विकास समिति का यह प्रयास सराहनीय है. यह पुस्तकालय ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और साहित्य प्रेमियों के लिए उपयोगी साबित होगा तथा अध्ययन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगा.

भवन आवंटन और निबंधन की उठी मांग

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक से मंदिर परिसर में निर्मित पुस्तकालय भवन के आवंटन एवं उसके निबंधन की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए जिला प्रशासन से पहल करने का आग्रह किया. विधायक ने इस दिशा में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.

मौके पर डॉ. एच. एस. ठाकुर, भाजपा जिला मंत्री कुमार गौरव, सरपंच दुर्गा देवी, पंचायत समिति सदस्य आशुतोष कुमार झा, मानिक चंद्र झा, नंद कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >