सदर अस्पताल में पत्रकार से मारपीट के मामले में डीएम से मिले पत्रकार, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

सहरसा सदर अस्पताल में प्रभात खबर के पत्रकार के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में पत्रकारों का शिष्टमंडल जिलाधिकारी से मिला. उन्होंने न्यायोचित कार्रवाई की मांग की और कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी.

सहरसा. सदर अस्पताल में 12 सितंबर को प्रभात खबर के डिजिटल रिपोर्टर अभिषेक कुमार के साथ खबर संकलन के दौरान कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में मंगलवार को विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों का शिष्टमंडल जिलाधिकारी दीपेश कुमार से मिला. पत्रकारों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले में न्यायोचित कार्रवाई की मांग की. शिष्टमंडल ने कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी भी दी.

ऑपरेशन थियेटर के कमरे में बंद कर मारपीट का आरोप

पत्रकारों की ओर से सौंपे गये ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रभारी अधीक्षक डॉ एसके आजाद, अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी, चिकित्सक डॉ रौशन लाल, डॉ नीरज कुमार नीरव, डॉ नफीज सोहेल, कर्मी मो. रफीक सहित 20-25 अज्ञात लोगों ने पत्रकार को ऑपरेशन थियेटर स्थित एक कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की.

ज्ञापन में पत्रकार के साथ गाली-गलौज और लूटपाट का भी आरोप लगाया गया है. घटना में घायल अभिषेक कुमार का इलाज कराया गया था.

नामजद के साथ अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की मांग

पत्रकार संगठनों ने मामले में नामजद आरोपितों के साथ अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की. पत्रकारों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग रखी.

इसके अलावा लंबे समय से सदर अस्पताल में पदस्थापित डॉ एसके आजाद को तत्काल हटाने की मांग की गयी. अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी के कार्यकाल में हुए वित्तीय क्रियाकलापों की जांच और उनकी नियुक्ति की भी जांच कराने की मांग ज्ञापन में की गयी है.

डीएम ने पीड़ित संवाददाता से ली घटना की जानकारी

जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने पीड़ित संवाददाता अभिषेक कुमार से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान डीएम की ओर से गठित हाई लेवल कमेटी के अध्यक्ष सह डीडीसी गौरव कुमार, सदर एसडीओ श्रीयांश तिवारी और एसडीपीओ राजेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे. डीएम ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि दोनों पक्षों की ओर से प्रस्तुत किये गये पक्ष को राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग को भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने की दिशा में पहल की जाएगी.

सीसीटीवी फुटेज को लेकर भी उठाया गया सवाल

प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ दीपांकर श्रीवास्तव ने घटना के समय स्टोर रूम के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने बताया कि घटना के समय वहां सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था, लेकिन बाद के फुटेज में कैमरा हटाया गया प्रतीत होता है. उन्होंने संबंधित वीडियो फुटेज जिलाधिकारी को दिखाते हुए इसकी जानकारी हाई लेवल कमेटी के समक्ष भी रखी. सीसीटीवी कैमरे और फुटेज से जुड़े इस बिंदु की जांच को भी मामले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

पत्रकारों ने कहा कि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो धरना, विरोध मार्च और प्रशासनिक खबरों के बहिष्कार सहित चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा. पत्रकार संगठनों ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.

विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार रहे मौजूद

शिष्टमंडल में दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ नवीन निशांत, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ कुंदन कुमार सिंह, हिन्दुस्तान के ब्यूरो चीफ नीरज कुमार सिंह, अनुभव कुमार सिंह सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >