कई लूट कांड मामलों में था वांछित सहरसा. जिला पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी. बैजनाथपुर थाना व जिला आसूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई में 10 हजार रुपए का इनामी अंतरजिला अपराधी को गिरफ्तार किया गया. सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण, फरार व इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी तथा संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार जांच की जा रही है. इसी क्रम में 20 अप्रैल को सूचना मिली कि बैजनाथपुर थाना का वांछित अपराधी, जो कई लूट कांडों में शामिल रहा है, सदर थाना क्षेत्र के आंबेडकर चौक के पास देखा गया है. सूचना मिलते ही बैजनाथपुर थाना पुलिस एवं जिला आसूचना इकाई की टीम द्वारा संयुक्त छापेमारी की गयी. पुलिस टीम को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा. जिसे पुलिस बल के सहयोग से घेराबंदी कर पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम मो अनिश उर्फ नन्हें पिता मो आलम, पतरघट थाना क्षेत्र के धबौली वार्ड नंबर 1 निवासी बताया. उसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया. एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के पूजा पेट्रोल पंप लूट कांड, सदर थाना क्षेत्र के सीएसपी लूट, बसनही थाना क्षेत्र में एसबीआई सीएसपी लूट तथा मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र में ग्रामीण बैंक लूट कांड में वांछित था. इन मामलों में उस पर 10 हजार रूपए का इनाम घोषित किया गया था. बताया जाता है कि पुलिस की लगातार दबिश और गिरफ्तारी के डर से अपराधी व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के उद्देश्य से आया था. लेकिन पुलिस को इसकी भनक लग गई और उसे आंबेडकर चौक के पास ही गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार अपराधी का आपराधिक इतिहास है. बैजनाथपुर, सदर थाना, बसनही तथा मधेपुरा जिले के भर्राही थाना में लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़ा कई मामले दर्ज हैं. उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक चार आरोपित की गिरफ्तारी हो चुकी है व गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. प्रेस वार्ता में सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार व पुअनि खुशबु कुमारी मौजूद थे.
10 हजार रुपए का इनामी अंतरजिला अपराधी गिरफ्तार

10 हजार रुपए का इनामी अंतरजिला अपराधी गिरफ्तार
Copied link
10 हजार रुपए का इनामी अंतरजिला अपराधी गिरफ्तार