चोरी की घटना में गृहस्वामी ने चार लोगों को किया नामजद पतरघट. स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर पंचायत स्थित बासा टोला में सोमवार की रात चोरों ने एक घर में भीषण चोरी की घटना को अंजाम देकर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ किया है. घटना में गृहस्वामी ने चार लोगों को नामजद किया है. चोरी की घटना की सूचना पाकर पतरघट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच शुरू की. घटना के संबंध में पीड़ित गृहस्वामी विपिन कुमार सिंह ने चोरी के मामले में पतरघट थाना को आवेदन देकर चार लोगों को नामजद कर दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कराया है. दिये आवेदन में विशनपुर पंचायत स्थित वार्ड 2 के निवासी विपिन कुमार सिंह ने कहा है कि मंगलवार की सुबह जब नींद खुली तब देखा कि घर में चहुंओर सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ है तथा कमरे में रखा गोदरेज खुला हुआ था. दूसरे कमरे में रखा बक्सा टूटा हुआ था व तीसरे कमरे का गोदरेज भी खुला हुआ था. छत पर एटीएम कार्ड, जेवर का डब्बा, पर्स इत्यादि सामान बिखरा पड़ा था. उन्होंने कहा है कि चोरी गये सामानों में नकदी तीन लाख 95 हजार रुपये, सोना का चेन वजन लगभग 1.75 ग्राम, सोना का चेन वजन लगभग 11 ग्राम, सोने का चार अंगूठी वजन लगभग 18 ग्राम और कीमती कपड़ा के चोरी होने की बात कही है. गृहस्वामी ने आगे कहा है कि बीते 20 अप्रैल को उनके ही मुहल्ले के किष्टो सिंह व उनके दो पुत्र में मौसम कुमार सिंह, दौलत कुमार सिंह तथा मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखासन बस्ती निवासी संदीप कुमार पांच अज्ञात व्यक्ति के साथ उनके घर पर आकर बोला कि उनका मोबाइल का लोकेशन आपके घर का बता रहा है. जान-पहचान रहने के कारण उनका लड़का सभी लोगों को घर के अंदर ले जाकर दिखाया था. इसलिए उन्हें प्रबल आशंका है कि उक्त व्यक्तियों द्वारा ही उनके घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है. इस बाबत थानाध्यक्ष शशिकुमार ने बताया कि गृहस्वामी विपिन कुमार सिंह के आवेदन पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए एफएसएल टीम व डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया जा रहा है. उन्होंने चोरी गये सामानों की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी रहने की बात कही. वहीं दूसरी तरफ विशनपुर में ही दो सप्ताह पूर्व संपन्न किसान उमाशंकर सिंह के घर हुई लाखों की चोरी की घटना का उद्भेदन में पुलिस को सफलता हाथ लगी नहीं कि चोरों द्वारा दूसरी घटना को अंजाम दिया गया. इन दिनों गांव घर में चोरों के आतंक से आम लोग सहमे रहते हैं. इस कारण चोरों द्वारा मोटर, सोलर लाइट या अन्य छोटे मोटे सामानों की चोरी होने की शिकायत अक्सर लोगों द्वारा नहीं की जाती है. सूखे नशे के आदि युवकों का दबदबा गांव घर में बढ़ने से चोरी की घटना में लगातार बढ़ोतरी होने की बात कही जा रही है.
चार लाख नकदी समेत लाखों के सामान की चोरी
स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर पंचायत स्थित बासा टोला में सोमवार की रात चोरों ने एक घर में भीषण चोरी की घटना को अंजाम देकर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ किया है.
