सिमरी बख्तियारपुर. नगर परिषद क्षेत्र के उच्च विद्यालय मैदान स्थित कला भवन की बदहाली और वहां पसरी गंदगी के अंबार को लेकर प्रकाशित समाचार का बड़ा असर देखने को मिला है. खबर छपने के तुरंत बाद नगर प्रशासन हरकत में आयी और सफाई अभियान की शुरुआत कर दी गयी है. नपकर्मी के मौजूदगी में जेसीबी की सहायता से कचरा उठाव बुधवार सुबह से शुरू कर दिया गया है.
कार्यपालक पदाधिकारी ने दिए निर्देश
जानकारी के मुताबिक, नगर कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कचरा उठाव का निर्देश जारी किया. उनके निर्देश के बाद बुधवार सुबह से ही कला भवन के आसपास जमा कचरे के ढेर को हटाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है. इस संबंध में नप कर्मी हसनैन मोहसिन ने कहा कार्यपालक पदाधिकारी के निर्देश पर कचरा उठाव शुरू हो गया है. अगले कुछ दिनों के अंदर पूरे परिसर को कचरा मुक्त कर दिया जायेगा.
सांस्कृतिक केंद्र को मिलेगी नयी पहचान
बता दें कि कला भवन, जो कभी सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों का मुख्य केंद्र हुआ करता था, पिछले काफी समय से उपेक्षा का शिकार था. प्रभात खबर ने कला भवन के पास ””कूड़े का अंबार, नहीं मिले ठेकेदार”” शीर्षक से खबर प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान इस ओर खींचा था. इधर स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि सफाई के बाद अब भवन की मरम्मत और सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जायेगा. कचरा उठाव शुरू होने से आसपास के नागरिकों और खेल प्रेमियों ने राहत की सांस ली है. लोगों का कहना है कि नियमित साफ-सफाई और प्रशासन की इस तत्परता से शहर के गौरव, कला भवन, की उपयोगिता फिर से बहाल हो सकेगी.
