बस स्टैंड इलाके में पुलिस की छापेमारी, खुली शराब को बोतलों में भरकर बेचने का आरोप
सहरसा. सदर थाना पुलिस ने रविवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सरडीहा गांव निवासी कुमार गौरव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह बीएसएफ का पूर्व जवान है और वर्ष 2021 तक बल में कार्यरत था.जानकारी के अनुसार, सदर थाना की गश्ती टीम को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड इलाके में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में खुले विदेशी शराब को डिब्बों में लेकर बिक्री के उद्देश्य से पहुंचा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 20-20 लीटर क्षमता वाले आठ डिब्बे बरामद किए गये, जिनमें खुला विदेशी शराब भरा हुआ था. बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 150 लीटर बताई जा रही है. पुलिस जांच में यह बात सामने आयी है कि आरोपी विभिन्न ब्रांड की खाली बोतलों में खुले शराब को भरकर अवैध रूप से बाजार में बेचने का काम करता था.
आशंका जतायी जा रही है कि वह लंबे समय से इस कारोबार से जुड़ा हुआ था और आसपास के क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करता था. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कारोबारी पूर्व में भी इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है. घटना के बाद सदर थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जाती थी, इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है. मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.