100 किमी की रफ्तार से दौड़ रही फास्ट पैसेंजर ट्रेन बाइक से टकराई, दंपती ने कूद कर बचायी जान

100 किलोमीटर की रफ्तार से पटरी पर दौड़ रही सहरसा से पूर्णिया कोर्ट फास्ट पैसेंजर ट्रेन पहले से रेलवे ट्रैक के बीच फंसी बाइक से जा टकराई.

सहरसा-पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर टला बड़ा हादसा

35 मिनट तक मधेपुरा-मुरलीगंज रेलखंड रहा बाधित

सहरसा. सहरसा-पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया. 100 किलोमीटर की रफ्तार से पटरी पर दौड़ रही सहरसा से पूर्णिया कोर्ट फास्ट पैसेंजर ट्रेन पहले से रेलवे ट्रैक के बीच फंसी बाइक से जा टकराई. बाइक सवार पति-पत्नी ने कूद कर अपनी जान बचायी. वहीं ट्रेन बाइक से टकराने के बाद चकनाचूर हो गयी और इंजन में जा फंसी. करीब 100 मीटर तक इंजन में फंसी बाइक घसीटती रही. तब जाकर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिसके बाद ट्रेन रुक गयी. इसके बाद स्थानीय स्टेशन और रेलवे सुरक्षा बल को घटना की सूचना दी गयी. मौके पर पहुंचे संबंधित विभाग के कर्मचारियों ने इंजन में फंसी बाइक को निकाला. करीब 35 मिनट तक ट्रेन रुकी रही. इस दौरान मधेपुरा और मुरलीगंज के बीच रेलखंड भी बाधित रहा. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी. खबर लिखे जाने तक रेलवे सुरक्षा बल घटना की जांच में लगी थी.

इंजन में फंसने के बाद 100 मीटर तक घसीटती रही बाइक

जानकारी के मुताबिक बुधवार को ट्रेन नंबर 55570 सहरसा से पूर्णिया कोर्ट जा रही थी. मधेपुरा और बुधमा स्टेशन के बीच मानिकपुर गांव के पास रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से एक बाइक सवार अपनी पत्नी के साथ रेलवे ट्रैक पार कर रहा था. हालांकि रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के बाद यह फाटक बंद कर दिया गया था. सड़क नहीं रहने के कारण दोनों पटरी के बीच बाइक का पहिए फंस गया. तभी अचानक 55570 फास्ट पैसेंजर ट्रेन तेज गति से आ रही थी. पति-पत्नी बाइक को बीच ट्रैक पर छोड़कर भाग खड़े हुए और जान बचाई. वही तेज़ रफ्तार से आ रही ट्रेन बाइक से जा टकराई और बाइक इंजन में फंस गया. 100 मीटर आगे जाने के बाद लोको पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाया. इमरजेंसी ब्रेक लगाते ही एक झटके से ट्रेन रुक गयी. हालांकि ट्रेन में बैठे यात्री अचानक ट्रेन रुकने से काफी भयभीत हुए. वहीं घटना के सूचना मिलते आसपास गांव के ग्रामीणों की भीड़ लग गयी. मौके पर पहुंचे संबंधित विभाग के कर्मचारियों ने इंजन में फंसी बाइक को निकाला. जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल ने बाइक को जब्त किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी. सहरसा-पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया. रेलवे सुरक्षा बल ने मामला दर्ज कर लिया है. वहीं पूरे मामले की जांच में जुटी है.

क्या है रेलवे का नियम

हमेशा समपार फाटक का प्रयोग करें

पैदल में रेलवे ट्रैक तभी पार करें, जब दोनों ओर कोई ट्रेन दिखाई नहीं दे

रेलवे ट्रैक पार करते समय हमेशा सुरक्षा नियम का पालन करना चाहिए

रेलवे फाटक पार करते समय हमेशा सावधान रहना चाहिए

अगर कोई शख्स रेलवे नियम को ताक पर रख कर ट्रैक पार करता है तो, जुर्माना या सजा दोनों का प्रावधान है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >